बलरामपुर में पीपीई किट पहनकर मतदान कराते मतदान कार्मिक।
- फोटो : BALRAMPUR
बलरामपुर। कोरोना महामारी को लेकर पोलिंग पार्टियों की तरफ से विशेष सावधानियां बरती गई। सोमवार को मतदान के दौरान कार्मिकों ने पीपीई किट पहना। वहीं कई मतदान केंद्रों के बाहर सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां भी उड़ाई गई।
जिले के सभी मतदान केंद्रों पर प्रशासन की तरफ से हैंड सैनिटाइजर, मास्क व कोरोना से बचाव के अन्य जरूरी सामान कार्मिकों के लिए मुहैया कराए गए।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 2021 में कोरोना महामारी को लेकर मतदान कार्मिकों की तरफ से विशेष सावधानियां बरती गई। पोलिंग बूथों पर मतदान कराने पहुंची पार्टियों ने खुद को सुरक्षित रखने के लिए पीपीई किट का इस्तेमाल किया। प्रशासन की तरफ से मुहैया कराए गए हैंड सैनिटाइजर, मास्क, ग्लब्स व तापमान मापने वाली मशीनें भी सभी मतदान केंद्रों पर उपलब्ध रही।
बातचीत के दौरान मतदान कार्मिकों ने बताया कि कोरोना महामारी से बचाव के लिए वोट डालने आए वोटरों को भी सुरक्षित रहने के लिए जागरूक किया गया। हालांकि कई मतदान केंद्रों के बाहर सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां भी उड़ाई गई।
अपने मताधिकार का प्रयोग करने आए वोटरों ने आरोप लगाया कि धीमी मतदान प्रक्रिया होने के चलते उन्हें बाहर घंटों इंतजार करना पड़ा है। इंतजार के चलते मतदान केंद्रों के बाहर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने में दिक्कतें आई है। हालांकि मौके पर पहुंचे सेक्टर मजिस्ट्रेटों ने लोगों को समझा-बुझाकर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने की सलाह दी।