बलरामपुर। रामजन्म भूमि-बाबरी मस्जिद के संबंध में आने वाले उच्च न्यायालय के फैसले को लेकर जिले की पुलिस पूरी तरह सतर्क है। अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अराजक तत्वों पर पुलिस की पैनी नजर है। उच्च न्यायालय के फैसले का सभी संप्रदाय के लोगों को सम्मान करना चाहिए। यह बातें रविवार को पचपेड़वा थाना क्षेत्र के ग्राम हरखड़ी में आयोजित ग्रामीणों की बैठक को संबोधित करते हुए क्षेत्राधिकारी तुलसीपुर शिव प्रसाद ने कही।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की ऐसे लोगों की सूचना तत्काल पुलिस को दें जो समाज में संप्रदायिक माहौल को खराब करने की कोशिश क रें।
हरैया थाने में आयोजित पीस कमेटी की बैठक में थानाध्यक्ष राजित राम ने कहा कि समाज में भाईचारा बनाए रखने की जिम्मेदारी हम सभी की है। कुछ लोग अपने निजी हित में माहौल को खराब करने की कोशिश करते रहते हैं। ऐसे लोगों से पुलिस सख्ती से निपटेगी। पीस कमेटी के दौरान मौजूद संभ्रान्त लोगों से अपील की गई कि क्षेत्र में होने वाले किसी भी गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दी जाए।
वहीं तुलसीपुर थाने में हुई पीस कमेटी की बैठक में प्रभारी निरीक्षक वकील पांडेय ने हिंदू-मुस्लिम पक्ष से वार्ता करते हुए क्षेत्र में शांति बनाए रखने की अपील की। बैठक में नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि फिरोज पप्पू, उप निरीक्षक सुरेश वर्मा, सभाजीत सिंह, सुनील राय, सत्य नरायन मिश्रा, बनारसीलाल मोदनवाल, रामजी आर्य, श्याम अग्रहरि व भोला सोनी सहित तमाम लोग मौजूद रहे।