बलरामपुर के संयुक्त अस्पताल में पोस्टमार्टन हाउस के बाहर परिजनों से वार्ता करते सदर विधायक पल्ट
बलरामपुर। नगर कोतवाली क्षेत्र के सोनार गांव में श्रावस्ती के इकौना थाने के कोठारे गांव निवासी 45 वर्षीय मन्नू व उसकी 78 वर्षीय मां लखराजी की मंगलवार को हुई हत्या के बाद से लापता हुए परिजनों को पुलिस ने खोज निकाला है। पुलिस उनको अलग रखकर पूछताछ कर रही हैं। मामले के खुलासे के लिए चार टीमें लगाई गई हैं। पुलिस की एक टीम श्रावस्ती के इकौना भेजी गई हैं।
दरअसल, मंगलवार को सोनार गांव में मन्नू पासवान व उसकी मां लखराजी का शव उसकी ससुराल के कमरे में मिला था। मृतक के चचेरे ससुर गोरखनाथ ने पुलिस को तहरीर दी थी। कहा था कि मन्नू ने अपनी मां का कत्ल कर दिया लेकिन, मन्नू की मौत को लेकर उसने खामोशी साध ली थी। एक पहलू यह था कि वारदात के बाद से मृतक की पत्नी, बच्चे व बहू लापता थे। उनकी तलाश के लिए पुलिस ने कई टीमें गठित की गई थी।
एसपी विकास कुमार का कहना है कि लापता हुए परिजनों को ट्रेस कर लिया गया है। उनसे जानकारी की जा रही है। सोनार गांव के दोहरे हत्याकांड का खुलासा करने के लिए पुलिस की चार टीमें गठित की गई है। सीओ सिटी बृजनंदन राय, प्रभारी निरीक्षक नगर कोतवाली शैलेश कुमार सिंह व सर्विलांस की टीम के साथ एक टीम मन्नू के पैतृक गांव इकौना थाना के पटना कोठारे भेजी गई है। एएसपी नम्रिता श्रीवास्तव को घटना के जांच की निगरानी करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। शीघ्र ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।