फोटो-3- जिला मेमोरियल अस्पताल में फार्मासिस्ट दिवस पर केक काटते अधीक्षक डॉ. हीरालाल। स्रोत विभा
बलरामपुर। विश्व फार्मासिस्ट दिवस पर शुक्रवार को जिला मेमोरियल अस्पताल के सभागार में गोष्ठी आयोजित की गई। फार्मासिस्टों ने केक काटकर एक-दूसरे को बधाई दी और मरीजों को फल वितरित कर बेहतर स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराने का संकल्प लिया। गोष्ठी में अस्पताल में उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग के साथ मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं देने पर जोर दिया गया।
गोष्ठी का शुभारंभ अस्पताल के सीएमएस डॉ. हीरालाल ने केक काटकर किया। उन्होंने कहा कि चिकित्सकों के बाद फार्मासिस्ट भी स्वास्थ्य विभाग का महत्वपूर्ण अंग हैं। समाज तक सुरक्षित और प्रभावी दवाइयां पहुंचाने, स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने और मरीजों को दवाओं के संबंध में उचित सलाह देने में फार्मासिस्टों की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसलिए फार्मासिस्ट संवर्ग के कर्मचारियों के योगदान को भुलाया नहीं जा सकता।
फार्मासिस्ट एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष माधव प्रसाद वर्मा ने कहा कि इस वर्ष ‘स्वस्थ भविष्य के लिए फार्मासिस्टों को सशक्त बनाना’ थीम पर विश्व फार्मासिस्ट दिवस मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि फार्मासिस्ट की जिम्मेदारी केवल पर्चे के अनुसार दवा उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है। मरीज को दवा कब और कितनी मात्रा में लेनी है, इसकी जानकारी देना भी उनकी जिम्मेदारी है। दवाओं के संरक्षण, एक्सपायरी डेट की जांच, स्टॉक को व्यवस्थित रखने और जरूरत के अनुसार दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने का कार्य भी फार्मासिस्ट करते हैं।
कार्यक्रम में फार्मासिस्टों ने एक-दूसरे को केक खिलाकर बधाई दी। इसके बाद वार्ड में भर्ती मरीजों को फल वितरित किए गए। इस अवसर पर जिला मंत्री अखलाक अहमद, संरक्षक दयाशंकर शुक्ल, सीपी सिंह, कोषाध्यक्ष मो. सईद, डीके सिंह, ओंकार मणि तिवारी, मो. सकील, सौरभ चौबे, केके मालवीय, रामबहादुर यादव, शिवेंद्र कुमार श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।