फोटो-15- शहर में बनने वाले मैरिज हाल का माडल। स्रोत विभाग
बलरामपुर। शहर में सामाजिक और सार्वजनिक आयोजनों के लिए अब नगर पालिका परिषद का अपना मैरिज हॉल होगा। मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना (सीएम-वीएनवाई) के तहत नगर पालिका परिषद बलरामपुर में मैरिज हॉल के निर्माण के लिए 6 करोड़ 53 लाख 60 हजार रुपये की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति दी गई है। शासन ने स्वीकृत लागत की 50 प्रतिशत धनराशि यानी 3 करोड़ 26 लाख 80 हजार रुपये प्रथम किस्त के रूप में जारी करने की भी स्वीकृति दी है।
चेयरमैन डॉ. धीरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मैरिज हॉल का प्रस्तावित मॉडल तैयार कर लिया गया है। जल्द ही भूमि का चयन कर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि शहर की आबादी करीब दो लाख है। शादी-विवाह और अन्य सामाजिक आयोजनों के लिए शहर में निजी मैरिज लॉन और होटल उपलब्ध हैं, लेकिन नगर पालिका स्तर पर बड़े आयोजनों के लिए अपना स्थायी स्थल नहीं है। ऐसे में सार्वजनिक आयोजनों के लिए अलग व्यवस्था करनी पड़ती है।
उन्होंने बताया कि नगर पालिका क्षेत्र में मैरिज हॉल बनने से सामूहिक विवाह के साथ ही अन्य सामाजिक और सार्वजनिक आयोजनों के लिए स्थायी सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। इससे लोगों को बड़े आयोजनों के लिए सुविधाजनक स्थल मिल सकेगा।