बलरामपुर के तुलसीपुर में हाथ से मटर छीनकर सड़क पर खाते बंदर।-संवाद
तुलसीपुर (बलरामपुर)। तुलसीपुर में बंदरों के उत्पात से बाजार के लोग सहम गए। बीते दिनों नगर पंचायत ने बंदरों को पकड़ने का अभियान चलाया था। इसमें 2000 से ज्यादा बंदर पकड़े गए थे। इससे लोगों को आंशिक राहत तो मिली, पर अभियान से बंदर और भी उग्र हो गए, जिससे बाजार में अफरा-तफरी रही।
बाजार में फार्मासिस्ट विजय कुमार सिंह रविवार शाम बाजार से सब्जी का थैला लेकर घर की तरफ आ रहे थे कि बैरागीपुरवा के निकट बंदर उनके हाथ से मटर से भरा थैला छीन ले गए। स्थानीय निवासी संजय कुमार, अरविंद, माला, सीमा देवी, विकास सोनी ने बताया कि बंदर आए दिन घरों में घुसकर सामान उठा ले जाते हैं और लोगों पर हमला भी कर देते हैं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, तुलसीपुर के अधीक्षक डॉ. विकल्प मिश्रा ने बताया बंदरों के काटने पर एंटी रैबीज इंजेक्शन लगवाने वालों की संख्या में बहुत अंतर नहीं आया है, पहले माह भर में लगभग 100 केस आते थे तो अब लगभग 90-95 केस आ रहे हैं। नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि अदनान फिरोज ने बताया कि बीते दिनों बंदरों को पकड़ने के लिए टीम बुलाई गई थी, जिसके द्वारा लगभग 2000 बंदर पकड़े गए थे। दोबारा टीम बुलाकर बंदरों को पकड़ने का अभियान चलाया जाएगा।