बलरामपुर। जिले में अघोषित बिजली कटौती से लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है। कई क्षेत्रों में उपभोक्ताओं को महज 10-12 घंटे ही बिजली मिल पा रही है। उमस भरी गर्मी में लंबे समय तक बिजली गुल रहने से घरों में रहना मुश्किल हो गया है, वहीं पेयजल आपूर्ति और व्यापारिक गतिविधियां भी प्रभावित हो रही हैं। लो वोल्टेज के कारण घरों और दुकानों में लगे उपकरण भी ठीक से काम नहीं कर पा रहे हैं।
जिला मुख्यालय के मोहल्ला नईबस्ती, कालीथान और मेजर चौराहा क्षेत्र में सुबह 10 बजे से दोपहर दो बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। उपभोक्ता कमलेश, राहुल और अशोक ने बताया कि चार घंटे की कटौती से काफी परेशानी हुई। एसी रिपेयर दुकानदार सलीम और फ्रिज दुकानदार रफीक मेकरानी ने बताया कि दोपहर के समय बिजली न रहने से मरम्मत का काम प्रभावित हुआ। व्यापारियों का कहना है कि अनियमित बिजली आपूर्ति से कारोबार पर असर पड़ रहा है।
सादुल्लाहनगर क्षेत्र के अचलपुर चौधरी उपकेंद्र से भी लगातार विद्युत कटौती की शिकायतें मिल रही हैं। क्षेत्रवासियों का कहना है कि पांच से छह घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहती है और निर्धारित समय से अधिक देर तक कटौती की जा रही है। राजेंद्र, रमेश शर्मा, दिलीप और अवधेश ने बताया कि बिजली की समस्या से घरेलू कामकाज के साथ व्यापारिक गतिविधियां भी प्रभावित हो रही हैं।
जरवा क्षेत्र में विद्युत उपखंड तुलसीपुर के कोयलाबास फीडर से दिन और रात बिजली की आवाजाही बनी रहती है। ग्राम नगई, पिपरा, गिरधरडिह, बघेलखंड, जरवा, चौहत्तरकला, सोनपुर और पुरैना में उपभोक्ताओं को इस समय करीब 10-12 घंटे ही बिजली मिल पा रही है। संजय, दीपू, श्रीराम, निजाम और रफीक ने बताया कि बिजली व्यवस्था चरमरा गई है। थोड़ी सी बारिश होते ही घंटों बिजली गायब हो जाती है। जेई दयाराम ने बताया कि बरसात के दौरान सुरक्षा कारणों से बिजली आपूर्ति बंद की जाती है, ताकि करंट लगने जैसी घटनाओं का खतरा न रहे।