बलरामपुर के पीएचसी गुगौली में मरीजों की जांच करते चिकित्सक ।-संवाद
बलरामपुर। 31 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। मेले में वायरल बुखार व सर्दी-जुकाम के मरीजों की संख्या अधिक रही। सभी पीएचसी पर 2205 मरीजों का उपचार कर दवाएं वितरित की गईं, इसमें बुखार के 725 मरीज और सीने में दर्द के 123 मरीज शामिल रहे।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जोकहिया में प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. जावेद अख्तर ने मरीजों का उपचार किया। दोपहर 12 बजे तक यहां 33 मरीजों का उपचार हो चुका था। चिकित्साधिकारी ने बताया कि मौसम बदलने से सर्दी-जुकाम के मरीज बढ़े हैं। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गुगौली में मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले में चिकित्साधिकारी डॉ. नितिन कदवाल ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। सावित्री देवी ने बताया कि उन्हें शरीर में दर्द व बुखार की समस्या है। अस्पताल में जांच कर दवाई दी गई है।
हबीबुल्लाह ने बताया कि उनके सिर में दर्द हो रहा है। लौकी कला निवासिनी ननकुन्ना ने बताया कि सर दर्द होने के साथ चक्कर आता है। मेले में फार्मासिस्ट अनुराग गुप्त, वार्डबॉय सुरेंद्र कुमार, हुकुमचंद व लैब टेक्नीशियन रामनरायन कुशवाहा आदि मौजूद रहे। सीएमओ डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी ने बताया कि 31 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर 2205 मरीजों का उपचार किया गया। चिकित्सकों ने मौसमी बीमारियों से बचाव के संबंध में जानकारी दी गई है।