बलरामपुर। गोंडा-बुढ़वल मार्ग पर इंटरलाकिंग के चलते गोरखपुर से गोंडा वाया बढ़नी-बलरामपुर मार्ग की कई प्रमुख ट्रेनों का संचालन पांच जुलाई तक बंद रहेगा। ऐसे में इस मार्ग से लखनऊ, कानपुर, दिल्ली व मुंबई जाने वाले यात्रियों की समस्या बढ़ेगी। पूर्वोत्तर रेलवे ने ट्रेनों के निरस्त होने की समयसारिणी जारी कर दी है।
पूर्वोत्तर रेलवे गोरखपुर के जनसंपर्क अधिकारी पंकज सिंह ने बताया कि ट्रेनों के परिचालन में सुगमता लाने के लिए गोंडा-बुढ़वल मार्ग पर तीसरी लाइन का निर्माण हो रहा है। गोंडा कचहरी, मैजापुर, कर्नलगंज रेलवे स्टेशन पर इंटरलॉकिंग का कार्य कराया जाना है। इस कारण इस मार्ग से गुजरने वाली कई ट्रेनों का संचालन 27 जून से पांच जुलाई तक बंद कर दिया है। कुछ ट्रेनों का संचालन गोरखपुर-मनकापुर वाया अयोध्या-बाराबंकी मार्ग से किया जाएगा। गोरखपुर से गोंडा वाया बलरामपुर से जाने वाली नकहा जंगल गोमती एक्सप्रेस (गाड़ी नंबर 15081) का संचालन 27 जून से चार जुलाई तक, इंटरसिटी ट्रेन (गाड़ी नंबर 15069/70) एक से चार जुलाई व ग्वालियर एक्सप्रेस ट्रेन तीन जुलाई को निरस्त कर दी गई है। इसी तरह लोकमान्य तिलक व पनवेल एक्सप्रेस का संचालन गोरखपुर से मनकापुर-अयोध्या-बाराबंकी मार्ग से किया जाएगा। इसके चलते इन ट्रेनों का संचालन भी चार जुलाई तक प्रभावित रहेगा।