महराजगंज तराई। शिक्षा क्षेत्र तुलसीपुर के प्राथमिक विद्यालय रूपनगर लौकहवा के हेडमास्टर पर स्वेटर वितरण में अभिभावकों ने अवैध वसूली किए जाने का आरोप लगाया है। अभिभावकों के शिकायत पर बीईओ तुलसीपुर ने मामले की जांच कराकर कार्रवाई किए जाने की चेतावनी दी है।
अभिभावक चिंता, जगदंबा, रामजी, रक्षाराम व केशव आदि ने शुक्रवार को बीईओ से की गई शिकायत में कहा है कि स्वेटर वितरण के दौरान स्कूल के हेडमास्टर ने 10 से 20 रुपये की अवैध वसूली की है। अवैध वसूली को लेकर अभिभावकों में भारी आक्रोश है।
अभिभावकों का कहना है कि जब सरकार की तरफ से छात्र-छात्राओं को निशुल्क स्वेटर दिया जा रहा है तो हेडमास्टर की तरफ से किस बात की अवैध वसूली की जा रही है। अभिभावकों ने मामले की शिकायत सीएम व डीएम के पोर्टल पर भी की है।
हेडमास्टर मुकेश कुमार ने अभिभावकों को बताया कि कौवापुर से स्वेटर लाने के लिए किराया देना पड़ा है। उसी किराए की वसूली के लिए पैसा लिया गया है। बीईओ तुलसीपुर महेंद्र कुमार ने अभिभावकों की शिकायत को संज्ञान में लेते हुए कड़ी नाराजगी जताई और संबंधित हेडमास्टर के खिलाफ जांच कर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।