पिपरहवा चौराहा। सोहेलवा वन्यजीव प्रभाग के जनकपुर रेंज की ग्राम पंचायत भंगहा कला के मजरा शिवानगर में बुधवार रात तेंदुआ दिखाई देने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। ग्रामीणों ने हांका लगाकर उसे जंगल की ओर खदेड़ने का प्रयास किया। काफी देर बाद तेंदुआ पास के जंगल में चला गया। तेंदुए के देखे जाने की सूचना से आसपास के गांवों में दहशत फैल गई।
ग्रामीणों के अनुसार बुधवार शाम गांव के उत्तर दिशा स्थित क्षेत्र में तेंदुआ नजर आया। संजय, अकलीम, वीरबहादुर, ननकने और सहदेव समेत कई ग्रामीणों ने तेंदुए को देखने की पुष्टि की। घटना के बाद ग्रामीणों में भय का माहौल है। लोगों ने वन विभाग से क्षेत्र में नियमित गश्त कराने और निगरानी बढ़ाने की मांग की है।
जनकपुर रेंजर अमरजीत प्रसाद ने बताया कि सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम को मौके पर भेजा गया है। ग्रामीणों को सतर्क रहने और अकेले जंगल या खेतों की ओर न जाने की सलाह दी गई है। विभाग की टीम क्षेत्र पर नजर बनाए हुए है।