बलरामपुर। परिषदीय विद्यालयों में निपुण लक्ष्य को गति देने के लिए हमारा आंगन-हमारे बच्चे उत्सव का आयोजन होगा। 25 जनवरी तक होने वाले इस अभियान का लक्ष्य बच्चों को नियमित रूप से स्कूल भेजने के लिए अभिभावकों को प्रेरित करना है। इसका आयोजन दो चरणों में होगा। कार्यक्रम में 05 लाख 02 हजार 500 रुपये का बजट जिले को मिला है।
योजना के तहत 1537 को-लोकेटेड स्कूलों में हमारा आंगन-हमारे बच्चे उत्सव अभियान शुरू हो रहा है। नई शिक्षा नीति के तहत बच्चों को निपुण बनाने, उन्हें स्कूल भेजने और अभिभावकों को भी स्कूल की बैठकों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया जाएगा। दो चरणों में आयोजित होने वाले इस उत्सव में पहले चरण में ब्लॉक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित होंगे। इसके बाद जिला स्तर पर आयोजन किया जाएगा। को-लोकेटेड स्कूलों के लिए आयोजित होने वाले इस उत्सव में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता से लेकर संकुल शिक्षक व एडीओ व बीडीओ आदि भी शामिल रहेंगे।
कार्यक्रम के तहत 09 ब्लॉक व एक शहरी क्षेत्र में होने वाले उत्सव में 102 शिक्षा संकुल के पांच निपुण बच्चों व उनके अभिभावकों को भी शामिल किया जाएगा। इनमें तीन बच्चे बाल वाटिका व दो बच्चे कक्षा एक व दो से शामिल रहेंगे। कार्यक्रम में बच्चों व अभिभावकों द्वारा रचनात्मक गतिविधियों का प्रस्तुतिकरण किया जाएगा। इसके तहत बच्चे अभिभावकों की सहायता से चित्र में रंग भरना, मिट्टी से खिलौने बनवाना, चित्र पर रंगीन कागज के टुकड़े चिपकाना एवं पत्तियों से पशु व पक्षी की आकृति आदि बनाएंगे। इसके बाद बच्चों को पुरस्कार भी दिया जाएगा। आयोजन में शिक्षकों के अलावा संकुल शिक्षक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सीडीपीओ, सुपरवाइजर, एडीओ, खंड विकास अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी भी शामिल रहेंगे।
जिले स्तर पर आयोजित हाेंगे कार्यक्रम
बीएसए शुभम शुक्ल ने बताया कि आयोजन ब्लॉक व जिला स्तर पर भी किया जाएगा। ब्लॉक स्तर पर जहां 25 जनवरी तक कार्यक्रम होंगे। वहीं, जिला स्तर पर 27 जनवरी से एक फरवरी के बीच आयोजन कराना होगा। जिला स्तर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम में अधिकतम 250 लोग प्रतिभाग करेंगे। जिला व ब्लॉक स्तर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम में आदर्श बाल वाटिका, मॉडल लर्निंग कॉर्नर एवं टीएलएम प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।