बलरामपुर में सदर विधायक को ज्ञापन सौंपते छात्र।-स्रोत: छात्र
बलरामपुर। जिले के महाविद्यालयों में स्नातक व परास्नातक द्वितीय सेमेस्टर के पाठ्यक्रम में बदलाव का विद्यार्थियों ने विरोध तेज कर दिया है। सोमवार को एमएलके महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने सदर विधायक पल्टूराम को ज्ञापन सौंपा। विधायक ने मुख्यमंत्री से वार्ता कर समस्या का निस्तारण कराने का आश्वासन दिया है।
मां पाटेश्वरी राज्य विश्वविद्यालय ने जिले के महाविद्यालयों में स्नातक व परास्नातक द्वितीय सेमेस्टर का पाठ्यक्रम डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के अनुसार संचालित करने का निर्णय लिया है। जबकि विद्यार्थी कई महीने से सिद्धार्थ विश्वविद्यालय कपिलवस्तु के पाठ्यक्रम के अनुसार पढ़ाई कर रहे हैं। बीच सत्र में पाठ्यक्रम बदलाव को लेकर विद्यार्थियों में दुविधा की स्थिति उत्पन्न हो गई है।
द्वितीय सेमेस्टर के विद्यार्थी महंत गौतम, प्रिया पटेल, अभिषेक यादव, मंजय कुमार, काजल वर्मा, शुभम गुप्त, अंशराज मिश्र, रितेश कसौधन व पाटेश्वरी प्रसाद आदि ने कहा कि बीच पढ़ाई में पाठ्यक्रम बदलना विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है, हम ऐसा नहीं होने देंगे। अगर शीघ्र ही पाठ्यक्रम बदलने के निर्णय को वापस नहीं लिया जाता है तो उग्र आंदोलन शुरू करेंगे। विद्यार्थियों ने ज्ञापन में कहा है कि अभी मां पाटेश्वरी राज्य विश्वविद्यालय यूजीसी लिस्टेड नहीं है। ऐसे में हम लोगों को परास्नातक के बाद नेट व पीएचडी करने में परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। विद्यार्थियों ने इस समस्या को लेकर सदर विधायक को ज्ञापन सौंपा।