तुलसीपुर/ललिया। दो मार्ग दुर्घटनाओं में शनिवार की शाम एक युवक की मौत हो गई जबकि दूसरा बुरी तरह से घायल हो गया है। घायल को इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
थानाध्यक्ष ललिया अरविंद कुमार ने बताया कि सिंहपुर निवासी असलम (15) पुत्र बड़कऊ की लालपुर कंजेभरिया रोड पर मोटरसाइकिल से जा रहा था। सामने से आ रही दूसरी मोटरसाइकिल से असलम भिड़ गया। मौके पर ही असलम की मौत हो गई है। मामले की छानबीन की जा रही है।
दूसरी घटना तुलसीपुर थाना क्षेत्र के ओड़ाझार कला करौंदा मोड़ पर हुई है। ग्राम सेखुईनिया खुर्द निवासी नंदकिशोर (35) पुत्र रामफेर ने बताया कि वह साइकिल से तुलसीपुर बाजार में सामान लेने जा रहा था। अनियंत्रित पिकअप ने साइकिल सवार को ठोकर मार दी।
घटना में नंदकिशोर बुरी तरह से घायल हो गए। घायल को इलाज के लिए सीएचसी तुलसीपुर में भर्ती कराया गया। सीएचसी अधीक्षक सुमंत सिंह चौहान ने बताया कि युवक की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। प्रभारी निरीक्षक वकील पांडेय ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है।