बलरामपुर। रोडवेज बसों के चालक व परिचालकों की ड्यूटी व्यवस्था में बदलाव किया जा रहा है। अभी तक इनकी ड्यूटी स्थानीय स्तर पर लगाई जाती थी, जिसमें मनचाहे रूट पर ड्यूटी लगवाने के मामले आते रहते थे। अब चालक व परिचालकों की मनमानी पर रोक लगाने के लिए ड्यूटी ऑनलाइन लगाई जाएगी। स्थानीय डिपो में आगामी तीन महीने का ड्यूटी शेड्यूल जारी किया जाएगा। साफ्टवेयर के जरिए जिस रूट पर चालक व परिचालकों की ड्यूटी लगाई जाएगी, उसी पर चलना होगा।
परिवहन निगम में चालक व परिचालक की ड्यूटी अभी तक स्थानीय स्तर लगाई जाती थी। लंबी रूट पर जाने से चालकों को एक दिन का अवकाश भी मिलता था। वहीं, कुछ चालकों व परिचालकों का किलोमीटर का लक्ष्य तक पूरा नहीं होता था। ऐसे में उन्हें प्रोत्साहन योजना का लाभ नहीं मिल पाता था। वहीं, कुछ चालक व परिचालक महीने के 15 से 20 दिन में किलोमीटर का लक्ष्य पूरा कर लेते हैं। बचे दिनों में लक्ष्य से अधिक किलोमीटर चलकर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रोत्साहन राशि पा जाते हैं। अब जल्द ही इस समस्या से निजात मिलने वाली है। अब इनकी ड्यूटी ऑनलाइन तरीके से लगने के कारण मनमानी पर अंकुश लगने की बात कही जा रही है। इसके लिए विभाग की ओर से आधुनिक साफ्टवेयर तैयार किया गया है। जिसमें हेरफेर करना संभव नहीं होगा।
-
जल्द शुरू होगा नियम
साफ्टवेयर से चालक व परिचालकों की ड्यूटी लगाने का निर्देश निदेशालय से मिला है। इसी माह के अंत तक स्थानीय डिपो में नया नियम लागू कर दिया जाएगा। ऑनलाइन ड्यूटी लगने से कई तरह के विवाद खत्म हो जाएंगे।
- तरन्नुम, वरिष्ठ डिपो इंचार्ज बलरामपुर
कर्मचारियों का विवरण
नियमित चालक - 32
संविदा चालक - 117
नियमित परिचालक - 7
संविदा परिचालक - 104
आउटसोर्सिंग परिचालक - 23