बलरामपुर। श्रावस्ती लोकसभा चुनाव के लिए सोमवार से नामांकन पत्रों को लेने व दाखिल करने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। इसके लिए कलेक्ट्रेट परिसर में बैरिकेडिंग कराई जा रही है। श्रावस्ती संसदीय सीट के साथ गैसड़ी विधानसभा के उपचुनाव के लिए 25 मई को वोट डाले जाएंगे।
कलेक्ट्रेट परिसर में एडीएम वित्त एवं राजस्व के न्यायालय में लोकसभा व अपर जिलाधिकारी न्यायिक के न्यायालय पर विधानसभा उपचुनाव की नामांकन प्रक्रिया होगी। 29 अप्रैल से छह मई तक नामांकन पत्र दाखिल किए जा सकेंगे। सात मई को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। नौ मई को नाम वापसी के साथ नामांकन प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। 25 मई को जिले के तीन विधानसभा क्षेत्रों सदर, तुलसीपुर व गैसड़ी के 1260 पोलिंग बूथों पर कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान कराया जाएगा।
एक प्रत्याशी 95 लाख रुपये कर सकता खर्च
जिला निर्वाचन अधिकारी व डीएम अरविंद सिंह ने बताया कि लोकसभा चुनाव के छठवें चरण में 25 मई को जिले में होने वाले मतदान के लिए सोमवार से अधिसूचना जारी हो जाएगी। अब चुनाव पर होने वाला खर्च प्रत्याशी के खाते में जोड़ा जाएगा। एक प्रत्याशी के लिए 95 लाख रुपये तक खर्च की सीमा निर्धारित की गई है।