बलरामपुर के पेहर बाजार से बड़हरा जाने वाली जर्जर सड़क पर खड़े होकर प्रदर्शन करते ग्रामीण।
पेहर बाजार (बलरामपुर)। स्थानीय बाजार से बड़हरा भिठौरा व सकरड़िया सहित दर्जनों गांवों को जोड़ने वाली सड़क खस्ताहाल हो गई है। सड़क जर्जर होने से करीब 15 हजार लोगों को आवागमन करने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने इसके विरोध में रविवार को सड़क पर खड़े होकर प्रदर्शन किया। उन्होंने चेतावनी दी है कि सड़क नहीं बनेगी तो वोट भी नहीं मिलेगा। यदि लोकसभा चुनाव से पहले सड़क नहीं बनाई गई तो सभी चुनाव का बहिष्कार करेंगे।
ग्रामीण राघवेंद्र मौर्य, जगन्नाथ, पुल्लु यादव, दानिश, फकरु, मेवालाल, जनकराम वर्मा, तिर्लोचन, जनकराम, गंगाराम, जिलेदार मिश्रा व राम सजीवन आदि ने प्रदर्शन करते हुए कहा कि पेहर बाजार से कई गांवों को जाने वाली सड़क बद से बदतर हो गई है। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे हो जाने के कारण वाहनों का सुगम आवागमन नहीं हो पाता है। अस्पताल जाना हो तो बड़ी मुश्किल से लोग इस रास्ते से निकल पाते हैं। कई बार दुर्घटना का शिकार हो चुके हैं। कुछ माह पहले इस सड़क पर प्रधानमंत्री सड़क योजना के तहत मिट्टी पटाई का काम कराया गया था। उस समय भी सड़क की पूरी तरह मरम्मत नहीं कराई गई थी। अब जरा सी बारिश में मिट्टी कीचड़ में तब्दील हो जाती है। इन लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि चुनाव से पहले सड़क नहीं बनवाई गई तो हम मतदान का बहिष्कार कर देंगे।
इस संबंध में सदर विधायक पल्टूराम ने बताया कि प्रधानमंत्री सड़क योजना से यह सड़क पास है। शिलान्यास के बाद मिट्टी का कार्य कराया जा चुका है। सड़क एफटीआर तकनीक से बननी है। हाल ही में प्रमुख सचिव ग्रामीण के साथ बैठक हुई है। जिसमें उन्होंने बताया कि ऐसे सड़कों का निर्माण पहली बार होना है, इसलिए सड़कों के मिट्टी का नमूना लिया गया है। परीक्षण के बाद सड़क का निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।