बलरामपुर। शारदीय नवरात्र में शक्तिपीठ देवीपाटन मंदिर तुलसीपुर में 15 अक्तूबर से शुरू होने वाले राजकीय मेला के लिए देवीपाटन में एक अस्थाई बस स्टेशन का संचालन होगा। ताकि एक माह तक चलने वाले इस मेले में विभिन्न राज्यों के साथ ही नेपाल राष्ट्र से आने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन की परेशानी से बचाया जा सके। इसके लिए परिवहन विभाग ने तुलसीपुर में एक अस्थाई बस अड्डा बनाने का निर्णय लिया है। यह जानकारी सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक वीके वर्मा ने दी।
उन्होंने बताया कि एक माह तक चलने वाली मेला अवधि में इसी अस्थाई बस स्टेशन से प्रमुख शहरों के लिए बसों का संचालन होगा। देवीपाटन के लिए अन्य शहरों से भी बस चलाने के लिए विभागीय उच्चाधिकारियों को भी पत्र लिखा गया है। बस स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए समय सारिणी व किराये का बैनर भी लगाया जाएगा।