बलरामपुर। कोविड प्रोटोकाल की अनदेखी किए जाने व लोगों की लापरवाही के चलते जिले में कोरोना संक्रमण लगातार बढ़ने लगा है। शनिवार को एक एसएसबी जवान सहित नौ लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। जिले में कोरोना के एक्टिव केस की संख्या बढ़कर 28 हो गई है। कोरोना पॉजिटिव पाए गए सभी व्यक्तियों को होम आइसोलेशन में रखा गया है।
सीएमओ डॉ. सुशील कुमार ने बताया कि शनिवार को आई कोरोना रिपोर्ट में नौ लोग पॉजिटिव पाए गए हैं। पॉजिटिव पाए गए लोगों में एसएसबी 50वीं वाहिनी का एक जवान शामिल है। बलरामपुर नगर क्षेत्र में पांच, गैसड़ी ब्लॉक के जरवा, उतरौला एवं धनकापुर पचपेड़वा में एक-एक व्यक्ति कोरोना संक्रमित पाया गया है।
सभी लोगों को होम आइसोलेशन में रखा गया है। सभी लोगों को कोविड प्रोटोकाल का पालन करने तथा घर के सदस्यों से दूरी बनाकर रहने का सुझाव दिया गया है। सभी लोगों को आवश्यक दवाएं उपलब्ध करा दी गई है।
स्वास्थ्य विभाग की तरफ से सभी लोगों की निगरानी की जा रही है। बताया कि जिले में कोरोना के एक्टिव केस की संख्या बढ़कर 28 हो गई है। सीएमओ ने जनपदवासियों से अपील किया है कि कोरोना से बचाव के लिए बेवजह भीड़-भाड़ वाले क्षेेत्र में न जाएं। घर से बाहर निकलते समय मास्क का प्रयोग अवश्य करें।