बलरामपुर। गणतंत्र दिवस को लेकर नेपाल सीमा से सटे इलाकों में सतर्कता बढ़ा दी गई है। सीमा सुरक्षा बल की 28 चौकियों के साथ ही नौ नए चेक प्वाइंट बनाए गए हैं। पगडंडियों से आने वाले लोगों पर भी विशेष नजर रखी जा रही है। साथ ही ग्राम सुरक्षा समितियों को सतर्क कर दिया गया है।
एसपी केशव कुमार ने बताया कि गणतंत्र दिवस को लेकर पुलिस पूरी तरह से सतर्क है। सीमा पर एसएसबी व रैपिड एक्शन फोर्स के साथ ही स्थानीय पुलिस के जवान लगातार नजर रखे हुए हैं। ग्राम सुरक्षा समितियों से फीडबैक लिया जा रहा है। सीमा पर आने-जाने वालों की तलाशी व जांच की जा रही है।
एएसपी नम्रिता श्रीवास्तव ने बताया कि जिले के पांच थाने नेपाल सीमा से सटे हैं। इन थाना क्षेत्रों में नौ नए चेक प्वाइंट बनाए गए हैं। इनके माध्यम से स्थितियों पर नजर रखी जा रही है। साथ ही सीमा सुरक्षा बल की 28 चौकियां पहले से ही हैं। वहां समन्वय बनाकर निगरानी की जा रही है। ललिया पुलिस ने मंगलवार को सीमा सुरक्षा बल के जवानों के साथ सीमावर्ती इलाकों का भ्रमण किया। अन्य थानों की पुलिस को भी सतर्कता बरतने की हिदायत दी गई है।