बलरामपुर। खेत की जोताई के बाद सड़क पर चढ़ाते समय ट्रैक्टर पलटने से ग्राम प्रधान की मौत हो गई। प्रधान की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है।
महराजगंज तराई थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत सुदर्शनजोत के प्रधान राधेश्याम चौरसिया (45) रविवार शाम नेबुवरिया गांव स्थित अपने खेत की जोताई करने गए थे। जोताई के बाद खेत से सड़क पर चढ़ाते समय ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया।
राधेश्याम चौरसिया ट्रैक्टर के नीचे दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों ने एंबुलेंस से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तुलसीपुर पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।