बलरामपुर। जिले को हरा-भरा रखने के लिए 22 जुलाई को वृहद पौधरोपण अभियान का आयोजन किया जाएगा। इस दिन जिले में 30 लाख पौधे रोपित किए जाएंगे। प्रत्येक ग्राम पंचायत में कम से कम एक हजार पौधों का वन ग्राम व नगर क्षेत्र में नंदन वन की स्थापना की जाएगी। विभिन्न विभागों के प्रत्येक कर्मचारी कम से कम एक पौधा रोपित कर उसकी सुरक्षा का संकल्प भी लेंगे।
प्रभागीय वनाधिकारी डॉ. सेम्मारन एम ने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा 22 जुलाई को पौधारोपण अभियान उत्सव के रूप में मनाया जाएगा। इस दिन पूरे प्रदेश में 30 करोड़ और बलरामपुर जिले में 30 लाख पौधों को रोपित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस दिन सुबह छह बजे से लेकर शाम छह बजे तक जिले भर में पौधरोपण का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। सभी सरकारी विभाग, सार्वजनिक उद्यम, निगम व बोर्ड के प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी कम से कम एक पौधा रोपित कर उसकी सुरक्षा का संकल्प लेंगे। बेसिक शिक्षा व माध्यमिक शिक्षा विभाग द्वारा जिले में बाल पौधरोपण भंडारा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें छात्र-छात्राओं को फलदार पौधे वितरित किए जाएंगे।
उन्होंने यह भी बताया कि समस्त विभागों द्वारा रोपित पौधों की सुरक्षा व्यवस्था व जियो टैगिंग तत्काल हरीतिमा एप द्वारा विभाग के यूजर आईडी व पासवर्ड के माध्यम से किया जाएगा। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से आवंटित लक्ष्य के सापेक्ष कराए गए पौधरोपण की सिंचाई व सुरक्षा स्वयं करने की अपेक्षा की है।