बलरामपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के हिडुलीकला गांव में ससुरालीजनों ने सोमवार रात दहेज में बाइक न मिलने से विवाहिता की हत्या कर दी। यह आरोप मृतका के पिता ने पुलिस को दी तहरीर में लगाया है। पुलिस ने मृतका के पति, सास व जेठ के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
ग्राम मनसुखा थाना गिलौला जनपद श्रावस्ती निवासी राधेश्याम पांडेय ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि उन्होंने अपनी बेटी लक्ष्मी देवी (21) की शादी जून में ग्राम हिडुलीकला निवासी महेश कुमार के साथ की थी। शादी में करीब दो लाख का सामान भी दिया गया था।
बाइक की मांग को लेकर महेश तथा उसके परिजन लक्ष्मी को प्रताड़ित करते थे। शादी के दो माह बाद लक्ष्मी ससुराल से मायके आ गई। अभी चार दिन पूर्व महेश कुमार घर से लक्ष्मी को ले गया था।
अगले दिन से ही महेश तथा उसके घरवाले लक्ष्मी को प्रताड़ित करने लगे। इन लोगों ने ही सोमवार रात लक्ष्मी की हत्या कर दी है। प्रभारी निरीक्षक जयदीप दूबे ने बताया कि मृतका के पिता की तहरीर पर पति महेश कुमार, सास मंजू शुक्ला तथा जेठ अवधेश शुक्ला के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज किया गया है। मामले में अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।