फोटो-31-बलरामपुर के चौक बाजार में गहनों की खरीदारी करती महिलाएं व युवतियां ।-संवाद
बलरामपुर। अक्षय तृतीया के अवसर पर रविवार को जिले के बाजारों में जबरदस्त रौनक देखने को मिली। खासकर सर्राफा बाजार में सुबह से देर शाम तक ग्राहकों की भीड़ उमड़ी रही। सोने के दाम में हालिया नरमी का असर साफ दिखा और लोगों ने जमकर आभूषणों की खरीदारी की। कारोबारियों के अनुसार इस बार अक्षय तृतीया पर जिले में करीब 60 करोड़ रुपये का व्यापार हुआ।
शहर के वीर विनय चौराहा, सराय फाटक, सब्जी मंडी और चौक बाजार स्थित ज्वैलर्स की दुकानों पर सुबह से ही ग्राहकों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी और दिनभर खरीदारी का सिलसिला जारी रहा। सुनीता, कंचन, ममता गुप्ता व राधिका आदि ने बताया कि पारंपरिक आभूषणों के साथ-साथ आधुनिक डिजाइन की ज्वेलरी की मांग अधिक रही, वहीं युवतियों ने हल्के और ट्रेंडी डिजाइन को प्राथमिकता दी। सर्राफ राजा गुप्ता, आसिफ ज्वैलर्स व अर्जुन ज्वैलर्स आदि का कहना है कि बीते कुछ दिनों में सोने-चांदी के दामों में उतार-चढ़ाव रहा, लेकिन अक्षय तृतीया के मौके पर ग्राहकों का उत्साह कम नहीं हुआ। अच्छी खरीदारी से बाजार में संतोषजनक कारोबार दर्ज किया गया।
वैशाख शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि को मनाई जाने वाली अक्षय तृतीया को अत्यंत शुभ माना जाता है। मान्यता है कि इस दिन किए गए कार्य का अक्षय फल मिलता है, जिसके चलते इस दिन सोना-चांदी की खरीदारी का विशेष महत्व होता है। व्यापारियों का मानना है कि शादी-विवाह के सीजन और शुभ मुहूर्त के चलते आने वाले दिनों में भी बाजार में इसी तरह की रौनक बनी रहने की उम्मीद है।