फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पहाड़ी नाले में उफान, 10 गांव के लोगों की आफत में जान

विज्ञापन
विज्ञापन
बलरामपुर। खरझार पहाड़ी नाले में शुक्रवार की सुबह उफान आ गया। 10 गांव के लोगों की जान पहाड़ी नाले के बाढ़ की आफत में आ गई। कई मार्गों पर आवागमन ठप हो गया। बाढ़ के पानी के चलते लोगों की दुश्वारियां बढ़ गई। नकटी पहाड़ी नाले के बाढ़ से तुलसीपुर गौरा चौराहा मार्ग पर आवागमन ठप हो गया है। लोग नाव के सहारे डिप को पार कर रहे है। राप्ती नदी के कटान से भी दर्जनों गांव प्रभावित है। सदर व उतरौला तहसील के कई गांवों में कटान होने से लोग अपना आशियाना उजाड़ रहे है।
विज्ञापन

नेपाल में भारी बारिश के चलते खरझार पहाड़ी नाले में शुक्रवार को आई बाढ़ से 10 गांव जलमग्न हो गए। महराजगंज तराई थाना क्षेत्र के रामगढ़ मैटहवा में चारों तरफ बाढ़ का पानी भर गया जिससे गांव के लोगों का आवागमन ठप हो गया। चारों तरफ रास्ता बंद है। शांतिनगर, हरिहरनगर, लहेरी, सहबिनिया, जगरामपुरवा, सुगानगर, साहेबनगर, विजयडीह, बल्दीडीह, दांदव, लालबोझी, पाटेश्वरीनगर व अमरहवा आदि गांवों में पहाड़ी नाले के बाढ़ का पानी भर जाने से लोगों के राशन व अन्य सामान बर्बाद हो गए। मवेशियों के खाने का चारा भी बाढ़ में बह गया। फसलों का भी भारी नुकसान हुआ है।
क्षेत्रवासी पवन कुमार, गुड्डू, सियाराम, रामेश्वर, राघव, रामशब्द, जीवनलाल, कुन्ने व तुलाराम आदि ने बताया कि उनके घरों में रखे बर्तन बाढ़ के पानी में बह गए है। खाने-पीने के लिए लाले पड़ गए है। क्षेत्र के लोगों ने डीएम से नुकसान का आकलन कराकर मुआवजा दिलाने की मांग की है। तहसीलदार तुलसीपुर कृष्ण गोपाल त्रिपाठी ने बताया कि मौके पर बाढ़ खंड के अधिकारियों को भेजा जा रहा है।
विज्ञापन

गौरा चौराहा संवादसूत्र के अनुसार नकटी पहाड़ी नाले के बाढ़ का पानी दतरंगवा डिप पर तेज बहाव के साथ बह रहा है। सड़क पर पहाड़ी नाले का पानी भर जाने के चलते लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। गौरा से तुलसीपुर मार्ग पर आवागमन ठप हो गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि दतरंगवा डिप पर पहाड़ी नाले के बाढ़ से गौरा चौराहा का तुलसीपुर तहसील मुख्यालय से पूरी तरह से संपर्क कट चुका है। नाव के सहारे लोग दतरंगवा डिप को पार कर रहे है। गौरा चौराहा बाजार में भी बाढ़ का पानी भर गया है जिससे बाजार के लोगों को दुश्वारियां झेलनी पड़ रही है।
हरैया सतघरवा संवादसूत्र के अनुसार पहाड़ों पर हुई भारी बारिश से जंगल के रास्ते बाढ़ का पानी हरैया थाना परिसर में भर गया। बाढ़ का पानी भर जाने से थाने के पुलिस अफसरों व कर्मियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। पहाड़ी नालों में कटान होने से भी लोगों को दिक्कतें हो रही है। सदर व उतरौला तहसील के लालपुर फगुईया, गोसाईपुरवा, पाठकपुरवा, गुलामपुरवा, बेलहा, चरनगहिया, रामपुर बौढ़िहार, कुडऊ, घोसियारपुर व वजीरगंज सहित कई गांवों में तेजी से राप्ती नदी कटान कर रही है। कटान पीड़ितों ने शासन प्रशासन से आंकलन कराकर मदद मुहैया कराने की मांग की है। एडीएम वित्त एवं राजस्व व जिला आपदा प्रभारी अरुण कुमार शुक्ल ने बताया कि बाढ़ व कटान वाले इलाकों में हल्का लेखपालों को तैनात किया गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें