बलरामपुर। सभी बंदियों को रोजाना योगाभ्यास कराया जाए। जिससे वह स्वस्थ और चुस्त दुरुस्त रहें। यह सुझाव डीएम डा. महेंद्र कुमार ने शुक्रवार को जिला कारागार का औचक निरीक्षण कर जेल के अधिकारियों को दिया।
डीएम ने एसपी राजेश कुमार सक्सेना के साथ जिला कारागार का औचक निरीक्षण कर महिला व पुरूष बंदियों से मुलाकात कर उनसे भोजन व अन्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। जेल अधीक्षक कुंदन कुमार ने बताया कि अंडर ट्रायल बंदियों से परिवारीजन सप्ताह में दो बार और सिद्ध बंदियों से महीने में दो बार मुलाकात कर सकते हैं। नये बंदियों को पहले 14 दिन के लिए क्वारंटीन किया जाता है, इसके बाद आरटीपीसीआर जांच के बाद उन्हें बैरक में शिफ्ट किया जाता है।
डीएम ने महिला बंदियों से बातचीत कर भोजन व अन्य सुविधाओं के बारे में पूछा। महिला बंदी के नवजात का टीकाकरण कराने के बारे में जानकारी ली गई। भोजनालय में साफ-सफाई रखने का निर्देश दिया गया। इस दौरान पुरूष बैरक का भी निरीक्षण किया गया। डीएम ने जेल अधीक्षक से कहा कि सभी बंदियों से योगाभ्यास कराएं, जिससे व स्वस्थ और चुस्त दुरस्त रहें। चिकित्सालय व सीसीटीवी कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया गया। सीसीटीवी कैमरा चालू रखने को कहा। इस अवसर पर जेलर बीके मिश्र सहित जेल के अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।