हरैया सतघरवा (बलरामपुर)। चौधरीडीह गांव के लोगों ने बृहस्पतिवार को एक बैठक कर एलान किया कि आसन्न लोक सभा चुनाव में बाहरी प्रत्याशियों का बहिष्कार किया जाएगा। बैठक में मौजूद लोगों ने एकजुटता के साथ चुनाव में स्थानीय को ही प्रत्याशी बनाने की मांग की है। गांव के लोगों का कहना है कि श्रावस्ती संसदीय सीट से जो दल बाहरी व्यक्ति को टिकट देगी, उसका बहिष्कार होगा। इसकी जागरूकता के लिए गांव में पोस्टर लगा कर जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा।
इसकी अगुवाई करते हुए रामपदारथ मिश्रा ने कहा कि बलरामपुर व श्रावस्ती लोकसभा क्षेत्र में हमेशा बाहरी प्रत्याशियों को चुनाव मैदान में उतार दिया जाता है। जो जीतने के बाद क्षेत्र के विकास को लेकर पूरी तरह उदासीन हो जाते हैं। इससे क्षेत्र में विकास कार्य भी ठप हो जाते हैं। ऐसे में जो पार्टी बाहरी प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतारेगी उसके पक्ष में मतदान का बहिष्कार कर नोटा का प्रयोग किया जाएगा।