बलरामपुर। अपने सामाजिक सरोकारों के तहत अमर उजाला फाउंडेशन इस वर्ष भी विश्व रक्तदाता दिवस पर 14 जून को संयुक्त जिला अस्पताल के ब्लड बैंक में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर लगाएगा। अमर उजाला फाउंडेशन, रोटरी क्लब बलरामपुर, रोटरी क्लब ग्रेटर बलरामपुर व यूथ हॉस्टल्स एसोसिएशन तुलसीपुर इकाई के तत्वावधान में लगने वाले इस शिविर में रक्तदान करने वाले महादानी को अमर उजाला फाउंडेशन प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित करेगा। शिविर सुबह 10 से दोपहर दो बजे तक चलेगा। इसमें कोई भी व्यक्ति स्वेच्छा से पंजीकरण कराकर रक्तदान करके महादानी बन सकता है।
संयुक्त जिला चिकित्सालय के ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. प्रवीन कुमार ने कहा कि कोरोना संकट के चलते सरकारी ब्लड बैंकों में रक्त की कमी हो गई है। ऐसे में रक्तदान बहुत जरूरी हो गया है। 18 से 60 साल तक के सभी स्वस्थ व्यक्ति रक्तदान कर सकते हैं। एक यूनिट खून से चार लोगों की जिंदगी बचाई जा सकती है। रक्तदान से शारीरिक कमजोरी नहीं आती है।
मेडिकल अफसर डॉ. जीके त्रिपाठी, लैब टेक्नीशियन सीपी श्रीवास्तव, अशोक पांडेय, अभिषेक सिंह व काउंसिलर हिमांशु तिवारी आदि ने कहा कि 14 जून को विश्व रक्तदाता दिवस पर अमर उजाला फाउंडेशन की तरफ से लगाए जाने वाले रक्तदान शिविर की सभी तैैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
रोटरी क्लब अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता, रोटरी क्लब ग्रेटर बलरामपुर के हारिश बिन खालिद, यूथ हॉस्टल्स एसोसिएशन तुलसीपुर के चेयरमैन व वरिष्ठ समाजसेवी आलोक अग्रवाल ने कहा कि अधिक से अधिक संख्या में लोगों से रक्तदान करने की अपील की गई है। सभी का कहना है कि आप का रक्त दूसरों को नया जीवन दे सकता है। रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं है। इसलिए विश्व रक्तदाता दिवस पर 14 जून को संयुक्त जिला चिकित्सालय स्थित ब्लड बैंक में अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान करने आएं और शिविर को सफल बनाएं।
अधिक जानकारी व पंजीकरण के लिए करें संपर्क
मंगल देव गिरि 9415106194
प्रदीप गुप्ता, रोटरी क्लब अध्यक्ष 9005919399
हारिश बिन खालिद, रोटरी क्लब ग्रेटर अध्यक्ष 9140851796
आलोक अग्रवाल, वाईएचएआई 9838568086
सीपी श्रीवास्तव, लैब टेक्नीशियन 9450497828