बलरामपुर के भक्ता गांव में पेड़ पर चढ़ा तेंदुआ।-स्रोत: ग्रामीण
हरैया सतघरवा (बलरामपुर)। क्षेत्र के बनकटवा रेंज क्षेत्र के भक्ता गांव में सोमवार सुबह तेंदुआ नजर आने से ग्रामीणों में अफरातफरी मच गई। गांव के पास घूम रहे तेंदुए को देखकर लोगों ने हांका लगाया, तो वह भागकर कटहल के पेड़ पर चढ़ गया। बाद में गन्ने और झाड़ियों में छिप गया।
प्रधान विजय कुमार वर्मा ने बताया कि तेंदुए के डर से ग्रामीण खेतों की रखवाली करने नहीं जा रहे हैं। वहीं, बड़का, बजरंगी और सोमई व अन्य ग्रामीणों ने कहा कि दहशत के कारण बच्चे स्कूल नहीं जा रहे हैं। ग्रामीण सुरेश कुमार, राजेश कुमार, पंकज कुमार, संतोष कुमार ने बताया कि तेंदुआ कई दिनों से गांव और आसपास की झाड़ियों में दिख रहा है। शोरगुल होने पर वह भागकर गन्ने में छिप जाता है। शंकर नगर, भक्ता, भरहापारा, रेहरा समेत आधा दर्जन गांवों में दहशत का माहौल है। रेंजर शत्रोहन लाल ने बताया कि तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया जाएगा। साथ ही ग्रामीणों को सतर्क रहने और अकेले खेतों या जंगल की ओर न जाने की सलाह दी गई है।