महाराजगंज तराई (बलरामपुर)। बरहवा रेंज के किठूरा गांव में गन्ने के खेत में रात करीब 10 बजे सब्जी की रखवाली कर रहे किसानों को तेंदुआ नजर आया। किसान के शोर मचाने पर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने तेंदुए को खदेड़ा तो वह राप्ती नदी की तरफ भाग गया। गांव में तेंदुए के आने से ग्रामीण भयभीत हैं।
बरहवा रेंज के ग्राम साखीरेत निवासी रामधीरज ने बताया कि किठूरा में वह सब्जी की खेती कर रहे हैं। सब्जियों की रखवाली के लिए वह रविवार की रात करीब 10 बजे अपने खेत में गए थे। अचानक गन्ने के खेत में खरखराहट की आवाज आई, टाॅर्च जलाई तो रोशनी में तेंदुआ दिखाई दिया। शोर मचाकर ग्रामीणों को बुलाया।
ग्रामीणों ने जब तेंदुए काे खदेड़ा, तो तेंदुआ गांव के दक्षिण राप्ती नदी की ओर भाग गया। बरहवा रेंज के रेंजर अमरजीत प्रसाद ने बताया कि सूचना मिली है गांव में वन विभाग की टीम भेजी जा रही है। ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। (संवाद)