बलरामपुर। परिषदीय विद्यालयों की शैक्षिक गुणवत्ता में सुधार लाने के लिए रविवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बेसिक शिक्षा विभाग की बैठक संपन्न हुई। बैठक में विभाग द्वारा संचालित कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए एडीएम ने विद्यालयों में शैक्षिक गुणवत्ता सुधारने, विद्यार्थियों की उपस्थिति बढ़ाने के निर्देश बीएसए को दिया। उन्होंने कायाकल्प योजना से जर्जर विद्यालय भवनों का जीर्णोद्घार कराए जाने का निर्देश भी दिया है।
एडीएम अरुण कुुमार शुक्ल ने बीएसए को निर्देश दिया कि मध्याह्न भोजन योजना के अंतर्गत जिला एवं ब्लॉक स्तर पर गठित टॉस्क फोर्स के सदस्यों द्वारा किए निरीक्षण की स्थिति तथा वहां पाई गई कमियों के निस्तारण के संबंध में सूचना तत्काल उपलब्ध कराई जाए। ऑपरेशन कायाकल्प योजना के तहत विद्यालयों का चयन कर उनका सौंदर्यीकरण कराया जाए। प्रेरणा प्रणाली पर अपलोड की गई सूचना का विश्लेषण किया जाए।
कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय का प्रतिमाह निरीक्षण नामित अधिकारी द्वारा किया जाए। समेकित शिक्षा कार्यक्रम के तहत दिव्यांग बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, स्वास्थ्य व भोजन आदि की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। नगर क्षेत्र के विद्यालयों की साफ-सफाई का कार्य संबंधित ईओ तथा ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यालयों की नियमित सफाई का कार्य डीपीआरओ सुनिश्चित कराएंगे। बच्चों को निशुल्क यूनीफार्म, स्कूल बैग एवं पाठ्य पुस्तकों के वितरण की स्थिति के बारे में शीघ्र अवगत कराया जाए।
उन्होंने बीएसए को निर्देश दिया कि ठंड के मौसम से बचाव के लिए छात्र-छात्राओं को जूता-मोजा एवं स्वेटर का वितरण समय से किया जा सके इसके लिए अभी से कार्य योजना तैयार कर ली जाए। बैठक में बीएसए हरिहर प्रसाद, डीडीओ गिरीश चंद्र पाठक, डिप्टी सीएमओ डॉ. कमाल अशरफ, डीपीआरओ नरेश चंद्र, सभी नगर पालिका व नगर पंचायतों के ईओ तथा सभी खंड शिक्षाधिकारी मौजूद रहे।