चार व पांच को गोरखपुर-ऐशबाग इंटरसिटी ट्रेन का नहीं होगा संचालन
संवाद न्यूज एजेंसी
बलरामपुर। गोरखपुर-गोंडा वाया बलरामपुर रूटों पर ट्रेनों का दबाव बढ़ने के कारण चार व पांच सितंबर को इंटरसिटी ट्रेन का संचालन निरस्त कर दिया गया है। ऐसे में इन दोनों दिन बलरामपुर से लखनऊ जाने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
मगहर-खलीलाबाद-चुरेब स्टेशनों के बीच ट्रैकों पर ऑटोमेटिक सिग्नल लगाने व टेस्टिंग का काम होने से ट्रेनों के रूट में बदलाव किया गया है। टेस्टिंग का कार्य होने के कारण उस रूट की 25 ट्रेनों का संचालन गोरखपुर-गोंडा वाया बढ़नी-बलरामपुर मार्ग से किया जाना है। इसके अलावा कई ट्रेनों को निरस्त भी कर दिया गया है। जिले की प्रमुख ट्रेन इंटरसिटी चार व पांच सितंबर को लखनऊ नहीं जाएगी। यह ट्रेन निरस्त कर दिया गया है। ऐसे में चार व पांच को लखनऊ इलाज कराने, दवा लाने व अन्य काम से जाने वाले लोगों की परेशानी बढ़ेगी। इसके अलावा इन तिथियों में टिकट की बुकिंग कराने वाले लोग अब टिकट कैंसिल लगाने के लिए दौड़ भाग करने लगे हैं।
बलरामपुर रेलवे स्टेशन के अधीक्षक रंजन श्रीवास्तव ने बताया कि मगहर-खलीलाबाद-चुरेब स्टेशनों के बीच ट्रैकों पर ऑटोमेटिक सिग्नल लगाने व टेस्टिंग का काम होने के चलते बलरामपुर-गोंडा रूट पर ट्रेनों का दबाव बढ़ गया है। इसके लिए दो दिन इंटरसिटी ट्रेन निरस्त की गई है।