बलरामपुर। शक्तिपीठ देवीपाटन मंदिर तुलसीपुर के राजकीय मेले की तैयारी में किसी भी तरह की कोई ढिलाई बर्दाश्त नहीं होगी। संबंधित विभाग समय रहते एक माह तक चलने वाले इस राजकीय मेले की तैयारियों को पूरी तरह चाकचौबंद बनाए। यह निर्देश मंडलायुक्त देवीपाटन मंडल योगेश्वर राम मिश्र ने दिया। वह मंगलवार को मेला तैयारियों से जुड़े सभी विभागों के अधिकारियों के साथ एक बैठक कर रहे थे।
तुलसीपुर तहसील सभागार में महंत मिथलेश नाथ योगी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में नौ अप्रैल से शुरू होने वाले राजकीय मेले की तैयारियों से जुड़े हर पहलू को परखा गया। इस अवसर पर महंत मिथलेश नाथ योगी की तरफ से दिए गए सुझाव को भी अमल में लाने का निर्देश दिया गया। मंडलायुक्त ने कहा कि गर्मी का बढ़ता प्रकोप देखते हुए मेला स्थल पर दृष्टिगत पेयजल एवं ओआरएस घोल की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए। सभी प्रमुख मार्गों के एंट्री एवं एग्जिट प्वाइंट पर भी निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगवाएं जाएं।
बैठक में मौजूद डीएम अरविंद सिंह ने बताया कि इस बार विशेष प्रयास करके शासन स्तर से मेले के बजट में डेढ़ गुना तक वृद्धि कराई गई है। पहली बार आयोजन को बेहतर बनाने के लिए मेला स्पेशल एसडीएम की भी शासन स्तर से तैनाती हुई है। बैठक में सुरक्षा, यातायात, साफ सफाई, पेयजल, विद्युत, सड़कों की कनेक्टिविटी, प्रकाश, सुलभ शौचालय जैसी सभी व्यवस्थाओं को बेहतर करने पर रणनीति तैयार की गई। बैठक में डीआईजी अमरेंद्र प्रताप सिंह, पुलिस अधीक्षक केशव कुमार व अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व प्रदीप कुमार मौजूद रहे।
डीएम ने बताया कि मेले में श्रद्धालुओं के ट्रैक्टर-ट्रालियों का प्रयोग करने पर सख्ती से पाबंदी रहेगी। सुरक्षा व्यवस्था की दृष्टि से पूरा देवीपाटन मंदिर परिसर दो जोन एवं सात सेक्टर में विभाजित किया गया है। जोन का प्रभारी क्षेत्राधिकार एवं सेक्टर का प्रभारी इंस्पेक्टर रैंक के पुलिस अधिकारियों को बनाया गया है। मेले में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। मेला परिसर की सघन निगरानी के लिए 64 सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं।
डीएम ने बताया कि इस बार फसल जल्दी कटने, श्रीरामलला धाम से मां पाटेश्वरी धाम की कनेक्टिविटी बेहतर होने से पिछले वर्षों की तुलना में तीन गुना अधिक श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। चैत्र नवरात्रि पर तृतीया, पंचमी एवं अष्टमी के दिन भारी संख्या में श्रद्धालु आते हैं। पंचमी के दिन पीर रतन नाथ की शोभायात्रा को लेकर तैयारी पूर्ण कर लें। बताया कि मुख्य विकास अधिकारी संजीव कुमार मौर्य को मेले का नोडल व अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रमोद कुमार को सहायक नोडल अधिकारी बनाया गया है।