फोटो-10-बलरामपुर के तुलसीपुर में नालों की सफाई का निरीक्षण करते एसडीएम मंगलेश दूबे।-संवाद
- फोटो : BALRAMPUR
बलरामपुर। निरीक्षण में नालों में गंदगी मिली तो तत्काल कड़ी कार्रवाई की जाएगी। तुलसीपुर एसडीएम ने शुक्रवार को कई वार्डों के नालों का निरीक्षण कर कर्मचारियों को चेतावनी दी है। बारिश शुरू होने से पहले नगर के सभी नालों को चाक-चौबंद कराने का निर्देश दिया है।
तुलसीपुर एसडीएम मंगलेश दूूूबे ने शुक्रवार को नगर पंचायत पचपेड़वा के कई वार्डों का औचक निरीक्षण कर नालों के साफ-सफाई कार्य का जायजा लिया। नालों में गंदगी पाए जाने पर एसडीएम ने नाराजगी जताई और नगर पंचायत के कर्मचारियों को बरसात शुरू होने से पहले सभी वार्डों के नाले-नालियों की बेहतर ढंग से साफ-सफाई करने का निर्देश दिया।
नाले-नालियों की सफाई में लापरवाही पाए जाने पर एसडीएम ने कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी। डीएम श्रुति की तरफ से नगर पालिका परिषद बलरामपुर व उतरौला और नगर पंचायत तुलसीपुर व पचपेड़वा के 30 नालों की बरसात से पहले साफ-सफाई कराने का निर्देश दिया गया था। चारों नगर निकायों की तरफ से नाला सफाई की रिपोर्ट डीएम को भेज दी गई, जिस पर डीएम ने अधिकारियों की टीमें गठित कर फोटोग्राफ के साथ जांच कराई। जांच में नालों के साफ-सफाई की रिपोर्ट बेहतर नहीं प्राप्त हुई, डीएम ने कड़ी नाराजगी जताई और चेतावनी दी कि दोबारा जांच में खामियां मिली तो जिम्मेदार बख्शे नहीं जाएंगे।
एडीएम ने चारों नगर निकायों के ईओ को निर्देश दिया है कि बरसात शुरू होने से पहले सभी नाले-नालियों की बेहतर ढंग से साफ-सफाई कराकर फोटो के साथ रिपोर्ट उपलब्ध करा दें अन्यथा कड़ी कार्रवाई की जाएगी।