बलरामपुर। रास्ता बंद किए जाने और कहीं सुनवाई न होने से आहत रेहरा बाजार थाना क्षेत्र के रेहरा गांव के एक युवक ने बुधवार को कलेक्ट्रेट में अपने ऊपर पेट्रोल डालकर आत्मदाह का प्रयास किया। मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने आग लगाने से पहले उसे दबोच लिया और तुरंत पानी से नहला दिया।
थाना रेहरा बाजार के सोनपुर निवासी ओमप्रकाश प्रजापति ने बताया कि उनके साथी राजू प्रजापति (30) बुधवार को बाइक से कलेक्ट्रेट पहुंचे। वहां मध्याह्न करीब 12 बजे राजू ने अचानक अपनी बाइक की डिग्गी से पेट्रोल से भरी दो लीटर की बोतल निकाली। राजू अपने ऊपर पेट्रोल डाल ही रहे थे कि पुलिसकर्मियों ने देख लिया और तुरंत उन्हें दबोच लिया। पुलिसकर्मियों ने पास में लगे वाटर हाईड्रेंट से राजू काे नहला दिया और पकड़कर डीएम के पास ले गए। डीएम अरविंद सिंह ने राजू से बातचीत कर उनकी समस्या के बारे में जानकारी ली।
ये है मामला
प्रशासन द्वारा जारी प्रेस नोट के मुताबिक थाना रेहरा बाजार अन्तर्गत ग्राम सोनपुर निवासी राजू ने शपथ पत्र पर बयान में कहा है कि उनके खेत के रास्ते में ही रेहरा बाजार थाने में तैनात विपक्षी ने कब्जा कर लिया है। अवैध कब्जा करके उनके सार्वजनिक रास्ते को अवरुद्ध कर दिया है। यही नहीं राजू की जमीन पर भी जबरन कब्जा कर रास्ता निकालने का प्रयास किया जा रहा है। राजू ने आरोप लगाया कि रेहरा बाजार थाने में बार-बार शिकायत करने पर भी सुनवाई नहीं हुई। पीड़ित राजू के मुताबिक एक विपक्षी यूपी 112 में ड्यूटी करता है। ऐसे में जब भी वह यूपी 112 पर कोई सूचना देता है कि पुलिस कोई कार्रवाई करने के बजाय उसी को प्रताड़ित और अपमानित करती है। आरोप लगाया कि उसने पुलिस अधिकारियों से भी गुहार लगाई मगर कहीं सुनवाई नहीं हुई।
मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश
डीएम अरविंद सिंह ने बताया कि पीड़ित राजू ने अपनी पीड़ा बयां की है। इसके आधार पर पूरे मामले की मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश दिए गए हैं। दोषियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। घटना के लिए दोषी कोई भी व्यक्ति चाहे वह पुलिस विभाग में ही क्यों न हो, उसे कानून के तहत दंडित किया जाएगा।
क्या कहते हैं एसपी
एसपी केशव कुमार का कहना है कि पूरा प्रकरण भूमि विवाद का है। भूमि विवाद के निस्तारण की जिम्मेदारी राजस्व विभाग की होती है। पुलिस का काम शांति-व्यवस्था कायम रखना होता है। मामले में पहले ऐसी कोई घटना नहीं सामने आई, जिससे शांति व्यवस्था प्रभावित हुई हो। फिलहाल, पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।