बलरामपुर। एमपी-एमएलए कोर्ट नंबर छह में 12 जनवरी को नगर पंचायत तुलसीपुर के पूर्व चेयरमैन फिरोज अहमद उर्फ पप्पू हत्याकांड की सुनवाई होगी। अपर सत्र न्यायाधीश प्रदीप कुमार तृतीय बहुचर्चित मामले की सुनवाई कर रहे हैं। इस हत्याकांड में सपा के पूर्व सांसद रिजवान जहीर, बेटी जेबा व दामाद रमीज नेमत सहित पांच लोगों का फैसला होना है।
तुलसीपुर नगर पंचायत के पूर्व चेयरमैन फिरोज अहमद उर्फ पप्पू की जरवा मार्ग पर चार जनवरी 2022 की रात करीब 10:20 बजे हत्या हो गई थी। इसमें पुलिस ने पूर्व सपा सांसद रिजवान जहीर, उनकी बेटी जेबा रिजवान व दामाद रमीज नेमत समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया था। विवेचना के बाद पुलिस ने एमपी-एमएलए कोर्ट में आरोप पत्र प्रस्तुत किया गया था। पुलिस ने इस बहुचर्चित हत्याकांड के मामले में पूर्व सांसद रिजवान जहीर पर गंभीर आरोप लगाकर रासुका के तहत कार्रवाई की थी।
पुलिस का आरोप था कि समाजवादी पार्टी से टिकट की दावेदारी को लेकर पूर्व चेयरमैन फिरोज अहमद उर्फ पप्पू की हत्या की गई थी। इस मुकदमे में पूर्व सपा सांसद रिजवान जहीर, बेटी जेबा रिजवान और दामाद रमीज नेमत सहित पांच लोगों पर कोर्ट से फैसला होना है। पूर्व सांसद रिजवान जहीर, उनकी बेटी जेबा रिजवान व दामाद रमीज नेमत फिलहाल जमानत पर हैं।