जरवा। गैसड़ी के ग्राम बनगाई के मजरा महदेइया स्थित कंपोजिट विद्यालय बृहस्पतिवार को शिक्षक के अनुपस्थित रहने के कारण बंद रहा। विद्यालय बंद होने से ग्रामीणों और अभिभावकों में आक्रोश है। उन्होंने जिलाधिकारी से विद्यालय में अतिरिक्त शिक्षक की तैनाती की मांग की है।
ग्रामीणों और अभिभावकों कोयला, सुनीता, सुंदरपता, रामदुलारे, रामनरेश, रामसागर, विक्रम, मंसाराम और दिलीप आदि ने बताया कि विद्यालय में 228 बच्चे नामांकित हैं, जबकि यहां केवल एक शिक्षक अभय मिश्रा तैनात हैं। बृहस्पतिवार को उनके अवकाश पर रहने के कारण विद्यालय नहीं खुला। सुबह स्कूल पहुंचे बच्चे आपस में विवाद करने लगे, जिसके बाद रसोइयों ने बच्चों की छुट्टी कर दी।
ग्रामीणों के अनुसार, विद्यालय में चहारदीवारी नहीं है और परिसर में कई पुराने व जर्जर भवन हैं। आसपास गन्ने की घनी फसल होने और क्षेत्र में आए दिन तेंदुआ दिखाई देने से बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी रहती है। प्रधानाध्यापक अभय मिश्रा ने बताया कि स्वास्थ्य ठीक नहीं होने के कारण उन्होंने एक दिन पहले ही उच्चाधिकारियों को सूचना दे दी थी। उनके स्थान पर पास के बनगाई प्राथमिक विद्यालय के सहायक अध्यापक जंग बहादुर की ड्यूटी लगाई गई थी।
वहीं, प्राथमिक विद्यालय बनगाई के प्रभारी प्रधानाध्यापक पीयूष ने बताया कि उन्होंने सुबह ही उच्चाधिकारियों को स्थिति से अवगत करा दिया था। उनके विद्यालय में तीन शिक्षक तैनात हैं। सहायक अध्यापक जंग बहादुर की लगातार छह बार दूसरे विद्यालय में ड्यूटी लगाई जा चुकी है, जिससे उनके मूल विद्यालय का शिक्षण कार्य प्रभावित हो रहा था। बृहस्पतिवार को वह अपने मूल विद्यालय में ही शिक्षण कार्य कर रहे थे।
खंड शिक्षा अधिकारी रमेश कुमार ने बताया कि कंपोजिट विद्यालय बंद होने की सूचना मिली है। संबंधित शिक्षक की ड्यूटी लगाए जाने के बावजूद दूसरे विद्यालय में नहीं पहुंचने के मामले की जांच कराई जा रही है।