बलरामपुर के जिला पुस्तकालय में विद्यार्थियों से वार्ता करते डीएम।
बलरामपुर। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय परिसर स्थित राजकीय लाइब्रेरी को क्रिटिकल गैप योजना के तहत 20 लाख रुपये की लागत से आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है। बृहस्पतिवार को डीएम डॉ. विपिन कुमार जैन की उपस्थिति में छात्राओं ने फीता काटकर उच्चीकृत लाइब्रेरी का शुभारंभ किया।
यहां वर्तमान में 106 छात्र-छात्राएं अध्ययन कर रहे हैं। वाई-फाई, आधुनिक स्टडी डेस्क और बेहतर अध्ययन व्यवस्था से विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में मदद मिलेगी। लाइब्रेरी में विद्यार्थियों के लिए शांत और अनुकूल अध्ययन का वातावरण तैयार किया गया है। वाई-फाई की सुविधा से छात्र-छात्राएं पुस्तकों के साथ ऑनलाइन अध्ययन सामग्री और प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित जानकारी भी प्राप्त कर सकेंगे। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को स्थानीय स्तर पर बेहतर संसाधन उपलब्ध कराकर उनकी तैयारी को आसान बनाना है।
डीएम ने विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी पढ़ाई, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और भविष्य के लक्ष्यों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सफलता के लिए स्पष्ट लक्ष्य, नियमित अध्ययन, अनुशासन, समय का सदुपयोग और निरंतर परिश्रम जरूरी है। विद्यार्थियों को अपनी क्षमताओं को पहचानकर आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ना चाहिए।
डीएम ने कहा कि राजकीय लाइब्रेरी युवाओं के सपनों को दिशा देने और उनकी प्रतिभा निखारने का महत्वपूर्ण केंद्र है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को साफ-सफाई, सुविधाओं के रखरखाव और अध्ययन के अनुकूल वातावरण बनाए रखने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता, जिला विद्यालय निरीक्षक मृदुला आनंद और बीएसए विकास चंद्र श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।