बलरामपुर। खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स 2023 का मशाल जुलूस सोमवार को जिला मुख्यालय पहुंचा। सीडीओ संजीव कुमार मौर्य की अगुवाई में मशाल जुलूस का स्वागत किया गया। स्पोर्ट्स स्टेडियम में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ खेल गतिविधियां भी आयोजित की गईं। नौ मई को मशाल जुलूस गोरखपुर के लिए रवाना होगा।
खिलाड़ी प्रिंस यादव के नेतृत्व में खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स 2023 का मशाल जुलूस गोंडा से होते हुए बलरामपुर पहुंचा। जिले की सीमा पर बहादुरापुर के पास सीडीओ व स्पोर्ट्स स्टेडियम में डीआईओएस गोविंद राम के नेतृत्व में मशाल जुलूस में शामिल खिलाड़ियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। स्कूली बच्चों ने स्वागत गीत और सरस्वती वंदना के साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस दौरान बच्चों के बीच खेल गतिविधियां भी कराई गईं।
प्रिंस यादव ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ ने पांच मई को लखनऊ में मशाल जुलूस अभियान का आरंभ किया था। 25 मई से तीन जून तक खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स के तहत प्रदेश के चार महानगर लखनऊ, गोरखपुर, ग्रेटर नोएडा व वाराणसी में विभिन्न खेलों का आयोजन किया जाएगा। इसमें 200 विश्वविद्यालयों के चार हजार खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे। उन्होंने बताया कि 10 दिवसीय अभियान के दौरान जिले के विभिन्न विद्यालयों में भी खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इस अवसर पर जिला क्रीड़ा अधिकारी दिनेश कुमार, प्रधानाचार्य चंदन पांडेय, भाजपा जिला मीडिया प्रभारी डीपी सिंह, उप क्रीड़ा अधिकारी कमाल अहमद व सचिव आफताब आलम सहित तमाम लोग मौजूद रहे।