बलरामपुर। फरियादियों के शिकायतों का निस्तारण कराने में कोई कोताही न बरतें। अराजकतत्वों पर कार्रवाई करने में नाकाम रहने वाले पुलिस अफसरों व कर्मियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी। सभी पुलिस अफसर व कर्मी पीड़ितों व फरियादियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराएं।
फरियादियों के शिकायतों के निस्तारण में हीला हवाली बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
यह बातें एसपी हेमंत कुटियाल ने बुधवार को देहात कोतवाली में वादी दिवस की बैठक को संबोधित करते हुए कही।
एसपी ने वादी दिवस में आने वाले फरियादियों की शिकायतें सुनी और फरियादियों के शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराने का निर्देश दिया। एसपी ने बैठक में शामिल होने वाले जनप्रतिनिधियों, पुलिसकर्मियों व ग्राम प्रहरियों के साथ बातचीत की। क्षेत्र में शांति व कानून व्यवस्था चुस्त दुरुस्त रखने का निर्देश दिया।
एसपी ने बीट पुलिसिंग के कार्य प्रणाली का विवरण लिया और अभिलेखों की जांच की। आईजीआरएस के प्रकरणों की समीक्षा की। एएसपी नम्रिता श्रीवास्तव ने उतरौला कोतवाली में वादी दिवस की अध्यक्षता की।
सभी प्रकरणों की समीक्षा करते हुए एएसपी ने पुलिस अफसरों व कर्मियों को फरियादियों की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराने का निर्देश दिया। इसी तरह से जिले के सभी कोतवाली व थानों में सीओ व प्रभारी निरीक्षकों की अध्यक्षता में बैठकें करके फरियादियों की शिकायतें सुनी गई।