बलरामपुर। दो दिसंबर से 28 फरवरी तक इंटरसिटी ट्रेन का संचालन बंद किए जाने की घोषणा को लेकर लोगों में आक्रोश बढ़ रहा था। लोगों के आक्रोश को देखते हुए राज्यमंत्री पल्टूराम, तुलसीपुर विधायक कैलाश नाथ शुक्ल व गैसड़ी विधायक शैलेश कुमार सिंह ने रेलवे महाप्रबंधक गोरखपुर विनय कुमार त्रिपाठी से मुलाकात कर इंटरसिटी एक्सप्रेस चालू रखने की मांग की। राज्यमंत्री व विधायकों की मेहनत रंग लाई। रेलवे महाप्रबंधक ने इंटरसिटी ट्रेन चालू रखने का आदेश जारी कर दिया है।
समाजसेवी सुखदेव चौरसिया, व्यापार मंडल के पदाधिकारी वीर गौरव सिंह, रूप चन्द्र गुप्ता, अशोक गोयल, केजी यादव, पंडित सियाराम मिश्र, दिलीप, अधिवक्ता संघ के ओम प्रकाश त्रिपाठी आदि ने रेल मंत्री को भेजे गए ज्ञापन में कहा है कि इंटरसिटी एक्सप्रेस गरीबों व अमीरों के लिए अच्छी सेवा है।
इस सेवा को बंद करने से हर समाज के लोगों को आवागमन में भारी नुकसान उठाना पड़ेगा। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी की धार्मिक स्थली शक्तिपीठ देवीपाटन मंदिर तुलसीपुर के लोगों को इंटरसिटी एक्सप्रेस बंद होने से आक्रोश बढ़ रहा है। रेल मंत्रालय को रेलवे की सेवाएं बढ़ाने की जरूरत है लेकिन सेवाओं को घटाकर लोगों को परेशान करने का कुचक्र किया जा रहा है।
पिछले कई दिनों से रेलवे के उच्चाधिकारियों को इस समस्या से निदान दिलाने के लिए बार-बार पत्राचार किया जा रहा है जिसका रेलवे अधिकारियों पर कोई असर नहीं हो रहा है। इन लोगों ने रेल मंत्री से मांग किया है कि इंटरसिटी एक्सप्रेस चालू रखने के साथ-साथ अन्य ट्रेनों का संचालन कराकर क्षेत्र के कई स्टेशनों पर ठहराव की व्यवस्था की जाए जिससे यहां के लोग सुगमता से यात्रा कर सकें।
क्षेत्र के लोगों की मांग को देखते हुए राज्यमंत्री व विधायक के साथ ब्लाक प्रमुख गैसड़ी शक्ति सिंह व नगर अध्यक्ष व्यापार मंडल संजय शर्मा आदि ने बुधवार को पूर्वोत्तर रेलवे गोरखपुर के महाप्रबंधक विनय कुमार त्रिपाठी से मुलाकात की।
राज्यमंत्री व विधायकों ने महाप्रबंधक से इंटरसिटी एक्सप्रेस का संचालन चालू रखने, क्षेत्रवासियों की तरफ से हो रही लगातार मांग को देखते हुए कई ट्रेनों का छोटे स्टेशनों पर ठहराव और अन्य रेल गाड़ियों के संचालन की मांग उठाई। राज्यमंत्री, विधायकों व क्षेत्रवासियों की मांग पर रेलवे महाप्रबंधक ने इंटरसिटी ट्रेन को पूर्व की तरह चालू रखने का आदेश जारी किया है।