बलरामपुर के तुलसीपुर में गया प्रसाद तालाब के किनारे लगवाई गई स्ट्रीट लाइट।
- फोटो : BALRAMPUR
तुलसीपुर (बलरामपुर)। स्थानीय नगर के मध्य में स्थित गया प्रसाद तालाब अब रात में भी लोगों को खूब रिझाएगा। पिकनिक स्पॉट के रूप में विकसित यह तालाब अब दूधिया रोशनी से रोशन रहेगा।
इस तालाब को पूर्व चेयरमैन फिरोज पप्पू ने करोड़ों रुपये खर्च कर नगर के पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया था। इस समय इनकी पत्नी कहकशां फिरोज नगर पंचायत चेयरमैन हैं। पूर्व चेयरमैन ने बताया कि उनका सपना था कि यह तालाब रात में भी नगरवासियों को बरबस ही अपनी ओर आकर्षित करें। इसी दिशा में इस तालाब को पूरी तरह से स्ट्रीट लाइट से आच्छादित किया गया।
तालाब के किनारे कुल 28 स्ट्रीट लाइटें लगाई गई हैं। क्रिसमस डे व नववर्ष के उपलक्ष्य में गत मंगलवार शाम इस तालाब की लाइटों का स्विच मुख्य अतिथि जगदीश सेठी, विशिष्ट अतिथि गुरमुख शरण व चेयरमैन प्रतिनिधि फिरोज पप्पू ने ऑन किया। फिरोज ने बताया कि नगर को स्वच्छ व सुंदर बनाने की हरसंभव कोशिश लगातार की जा रही है। चेयरमैन कहकशां फिरोज ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।