बलरामपुर। अनिश्चितकालीन कलमबंद हड़ताल में शामिल लेखपालों ने सफाई कर्मी संघ से समर्थन मांगा है। लेखपाल संघ के जिलाध्यक्ष कृष्ण कुमार व महामंत्री राजेश्वरी प्रसाद मौर्य ने बुधवार को ग्राम पंचायत राज्य सफाई कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष राकेश चौधरी, महामंत्री शरद गोस्वामी व मंत्री सुंदरलाल से आंदोलन में समर्थन करने की अपील की है।
लेखपाल संघ के जिलाध्यक्ष व महामंत्री ने सफाई कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों से अपील करते हुए कहा है कि प्रांतीय नेतृत्व ने आंदोलन में समर्थन दे दिया है। जनपद स्तर पर भी समर्थन देकर उनके आंदोलन को धार देने में सहयोग करें। लेखपाल संघ के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी है कि प्रशासन की तमाम धमकी के बाद भी उनका आंदोलन थमने वाला नहीं है। 26 दिसंबर तक कलेक्ट्रेट गेट पर आंदोलन करके लेखपाल संगठन विरोध जताएगा। 27 दिसंबर को आंदोलन को तेज करके आरपार की लड़ाई लड़ी जाएगी।
प्रोन्नति दिलाने, रिक्त पड़े सर्किलों में लेखपालों की तैनाती, बाइक भत्ता सहित अन्य कई मांगों को लेकर प्रांतीय नेतृत्व के निर्देश पर 11 दिसंबर से कलमबंद हड़ताल जारी है। जिले के 370 राजस्व गांवों का बस्ता जमा कर राजस्व कार्य नहीं किया जा रहा है। जिले के तीनों तहसीलों में लेखपालों के अनिश्चितकालीन कलमबंद हड़ताल से जिले के तीनों तहसीलों में आय, जाति, निवास, जन्म व मृत्यु और खतौनी सहित 50 हजार से अधिक आवेदन लंबित हो चुके हैं।
लेखपालों के बस्ता जमा करने से संबंधित राजस्व ग्रामों का कार्य पूरी तरह से ठप पड़ा है। मांगे पूरी न होने तक लेखपालों ने आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी है। उतरौला तहसील अध्यक्ष अभय चंद, महामंत्री मनोज यादव, राम लखन मौर्य, मोहम्मद अकरम, अखिलेश वर्मा, किशुनलाल व मोहम्मद आसिफ और तुलसीपुर तहसील अध्यक्ष अमित तिवारी, पीके गुप्ता, वीके यादव, लल्लू प्रसाद व अमरेन्द्र बहादुर आदि लेखपालों ने आरपार की लड़ाई का एलान किया है।