बलरामपुर। नियमों की अनदेखी कर तमाम अल्ट्रासाउंड व डायग्नोस्टिक सेंटर का संचालन किया जा रहा है। ऐसे सेंटरों पर शिकंजा कसने के लिए प्रशासन ने पहल शुरू कर दी है। एसडीएम सदर व एसीएमओ के नेतृत्व में प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बुधवार को शिवपुरा बाजार में चार अल्ट्रासाउंड पर सेंटरो पर छापा मारा।
प्रशासन की तरफ से छापा मारे जाने की सूचना पाकर जहां एक संचालक शटर बंद कर भाग गया वही अन्य सेंटरों पर भारी अनियमितता पाई गई। अल्ट्रासाउंड सेंटरों पर नियमों की अनदेखी व अनियमितता पाए जाने पर संचालकों से स्पष्टीकरण मांगा गया है। तीन दिन के अंदर संतोषजनक जवाब न मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
सदर एसडीएम अरुण कुमार गौड़ व एसीएमओ डॉ. एसके श्रीवास्तव की संयुक्त टीम ने शिवपुरा बाजार के तनमन डाग्नोस्टिक सेंटर पर छापा मारा। यहां पर न तो साफ-सफाई मिली और न आवश्यक दस्तावेज ही मिले। यहां पर कोविड नियमों का पालन भी नही होता पाया गया।
रचना अल्ट्रासाउंड सेंटर में छापे के दौरान कोई भी चिकित्सक मौजूद नहीं मिला। मशीन के चारो तरफ गंदगी फैली हुई मिली। छापे की सूचना मिलने पर दिव्या अल्ट्रासाउंड सेंटर का संचालक शटर बंद कर फरार हो गया।
जनता अल्ट्रासाउंड सेंटर में न तो डाक्टर मिले और न कोई दस्तावेज ही पाया गया। एसडीएम ने बताया कि अल्ट्रासाउंड सेंटरों के संचालकों से स्पष्टीकरण मांगा गया है। तीन दिन के अंदर संतोषजनक जवाब न मिलने पर संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।