फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दो दिनो में उल्टी दस्त से चार की मौत, तीन बीमार

विज्ञापन
बलरामपुर के गोकुली गांव में स्थिति का जायजा लेते एसीएमओ डा. एके सिंघल। - फोटो : BALRAMPUR
विज्ञापन
बलरामपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम वीरपुर के मजरे गोकुली में संक्रामक रोग का प्रकोप बढ़ गया है। उल्टी दस्त से दो दिनों के अंदर चार लोगों की मौत हो चुकी है। तीन लोग अभी भी पीड़ित है। संक्रामक रोग फैलने की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में पहुंच गई है। ग्रामीणों को दवा बांटने के साथ-साथ संक्रामक रोग पर नियंत्रण के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
विज्ञापन

बताते चलें कि ललिया थाने क्षेत्र के कई गांवों में संक्रामक रोग फैला हुआ है। इसी थाना क्षेत्र के मोतीपुर गांव में बीते दिनों उल्टी-दस्त व बुखार से दस लोगों की मौत हुई थी। इस गांव में संक्रामक रोग का प्रकोप अभी थमा भी नही था कि अब गोकुली गांव में संक्रामक रोग ने पांव पसारना शुरू कर दिया है।
शुक्रवार को शालिनी (3) की मौत होने के बाद शनिवार को सुमन (22), रागिनी (7) व फूलमती (60) की मौत भी उल्टी-दस्त से हुई है। गांव में रजनी (7), कंचन (70) व दुखना (90) उल्टी दस्त से पीड़ित है। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि डा. जाबिर ने बताया कि अशिक्षा के कारण लोग इलाज कराने के बजाए झाड़-फूक पर अधिक ध्यान दे रहे है।
विज्ञापन

समय पर इलाज न कराने के कारण लोगों की मौत हो रही है। उन्होंने गांव में संक्रामक रोग फैलने की सूचना स्वास्थ्य विभाग को दी। सूचना मिलते ही सीएचसी शिवपुरा के अधीक्षक डॉ. प्रणव पांडेय आशा व एएनएम के साथ गांव में पहुंचे और पीड़ितों को दवा वितरित किया।
उन्होंने ग्रामीणों से साफ सफाई रखने, शुद्ध पेयजल का सेवन करने तथा बीमार होने पर अस्पताल पहुंचकर इलाज कराने की अपील की। अधीक्षक ने बताया कि गंदगी के चलते गांवों में संक्रामक रोग फैल रहा है। अंधविश्वास के कारण लोग समय से इलाज नही करा रहे हैं जिससे स्थिति बिगड़ रही है। पीड़ित यदि समय से इलाज करा ले तो स्थिति सुधने में ज्यादा वक्त नही लगेगा।
ग्राम गोकुली में चारों तरफ गंदगी होने तथा सफाई कर्मी की तैनाती न होने से ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ आक्रोश जताते हुए रविवार को विरोध प्रदर्शन भी किया। ग्रामीणों ने डीएम से गांव में नियमित सफाई सुनिश्चित किए जाने के लिए सफाई कर्मी की तैनाती किए जाने की मांग की।
ललिया थाना क्षेत्र के गोकुली गांव में संक्रामक रोग से चार मौत होने की सूचना मिलते ही एसीएमओ डॉ. एके सिंघल ने रविवार को गांव में पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर हाल चाल जाना। उन्होंने बताया कि गांव में लगातार निगरानी की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग की टीम मरीजों के इलाज में जुटी हुई है। लोगों को स्वच्छता अपनाने तथा शुद्ध पेयजल पीने की सलाह दी गई है। स्वास्थ्य विभाग की टीम को गांव में कैंप लगाकर लोगों को दवा वितरित करने का निर्देश दिया गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें