बलरामपुर। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत जिले के 1456 किसानों को रबी फसल के नुकसान का मुआवजा कंपनी की तरफ से दिया गया है। खरीफ फसल के नुकसान का मुआवजा पाने के लिए जिले के 6292 किसानों ने बीमा कराया है।
बीमा कपंनी के जिला प्रबंधक निखिल कुमार यादव ने बीते दिन बताया कि रबी फसल सीजन 2021 में 1456 किसानों को क्राप कटिंग के आधार पर एवरेज उत्पादन में कमी आने के कारण 60,66319 रुपये की क्षतिपूर्ति दी जा रही है। रबी फसल सीजन 2021 में जिले के 5842 किसानों ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना कराया था। खरीफ फसल सीजन 2021 में कुल 6292 किसानों ने फसल बीमा कराया है।
बाढ़ के कारण प्रभावित 69 गांवों में फसल नुकसान का सर्वे कराया जा रहा है। प्राकृतिक आपदा जैसे बाढ़, चक्रवात, ओलावृष्टि व भू स्खलन आदि के कारण फसल के नुकसान पर 72 घंटे के भीतर जिला कृषि अधिकारी आरपी राना अथवा बीमा अधिकारी अथवा टोलफ्री नंबर पर शिकायत करें तभी नुकसान का मुआवजा मिल सकेगा।