बलरामपुर। विधानसभा चुनाव में ड्यूटी करने वाले सभी कर्मचारियों को प्रपत्र 12 वापस करना होगा। पूर्ण रुप से भरा प्रपत्र 12 देने के बाद विधानसभा चुनाव में पोस्टल बैलेट से मतदान कर सकेंगे। भरा प्रपत्र न देने वाले ऐसे मतदान कार्मिकों को मताधिकार का मौका नहीं मिलेगा।
एडीएम/उप जिला निर्वाचन अधिकारी राम अभिलाष ने बुधवार को बताया कि विधानसभा चुनाव 2022 में मतदान के दौरान ड्यूटी करने वाले कार्मिकों को निर्वाचन आयोग की तरफ से मतदान करने का मौका दिया गया है। सभी कार्मिकों को प्रपत्र 12 उपलब्ध करा दिया गया है। जिले में 252 मतदान कार्मिकों को संबंधित विधानसभा क्षेत्र में पोस्टल बैलेेट से मतदान करने की सुविधा मिलेगी।
सभी विभागों के विभागाध्यक्षों को चुनाव ड्यूटी करने वाले मतदान कार्मिकों से पूर्ण रुप से प्रपत्र 12 भरवाकर वापस करने का निर्देश जारी कर दिया है। कर्मियों को प्रपत्र 12 में विधानसभा, संख्या, मतदेय स्थल व निर्वाचक क्रमांक भरकर हस्ताक्षर कर वापस करना है।
सामान्य तौर पर फोटो पहचान पत्र सभी के पास है, लेकिन बूथ संख्या निर्वाचक क्रमांक फोटो पहचान पत्र में नहीं है। वोटर हेल्पलाइन ऐप प्ले स्टोर से लोड करके अपने एपिक नंबर से विधानसभा, बूथ संख्या व निर्वाचक क्रमांक संख्या प्रारूप12 में भरें।