हरैया सतघरवा (बलरामपुर)। बनकटवा रेंज के भितवरियाकला निवासी लाडिला प्रसाद ने बीते दिन बताया कि पशुशाला में बंधे भैंस के बच्चे को तेंदुए ने मारकर अपना निवाला बना लिया है। जानवरों की आवाज सुनकर परिवार के लोग जाग गए और टॉर्च की रोशनी जलाकर देखा तो तेंदुआ भैंस के बच्चे को खा रहा था। ग्रामीणों के साथ शोर मचाकर तेंदुए को जंगल की तरफ खदेड़ा गया। अक्सर गांव में तेंदुए आकर जानवरों को नुकसान पहुंचा रहे है।
कई बार शिकायत के बाद भी वन विभाग की तरफ से जंगली जानवरों से सुरक्षा को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है जिससे ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीणों ने बनकटवा रेंज के रेंजर को सूचना देकर मामले में कार्रवाई किए जाने की मांग की है। बनकटवा रेंज के रेंजर राकेश कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही मौके पर तत्काल टीम भेज दी गई है। ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। संवाद