बलरामपुर। जिले में दोबारा पांव पसार रहे कोरोना महामारी को लेकर प्रशासन पूरी तरह से सतर्क हो गया है। डीएम ने तीनों तहसीलों के एसडीएम व सीओ को कोरोना से बचाव के लिए प्रोटोकॉल का पालन कराने का निर्देश दिया है। स्वास्थ्य संबंधी जानकारी व अन्य समस्याओं के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी कर दिए गए है।
डीएम श्रुति ने बृहस्पतिवार को बताया कि कोरोना वायरस के संक्रमण व महामारी से बचाव के लिए शासन स्तर से दिशा निर्देश जारी किए गए है। सभी सार्वजनिक स्थलों, धार्मिक पूजा स्थलों, सरकारी दफ्तरों, मॉल, होटल, रेस्टोरेंट, दुकानों, बाजारों, स्कूलों, अस्पतालों, बैंक, स्टेडियम सहित सभी प्रतिष्ठानों पर कोविड से बचाव के दिशा निर्देश जारी करें हैं। बताया, तीनों तहसीलों के एसडीएम और सभी थानों के प्रभारी निरीक्षकों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कहा, 60 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्ति व बीमारियों से ग्रसित लोग, गर्भवती महिलाएं और 10 वर्ष से नीचे के बच्चे जरूरत पड़ने पर ही घर से बाहर निकले। घर से बाहर निकलने वाले लोग फेस कवर व मास्क का प्रयोग अनिवार्य रूप से करें। सभी लोग थोड़े-थोड़े अंतराल पर साबुन से हाथ धोते रहे। सैनिटाइजर का प्रयोग करें। सार्वजनिक स्थलों पर कम से कम छह फीट की दूरी बनाए रखें। सभी भवनों व इमारतों में प्रवेश से पूर्व सैनिटाइजर का प्रयोग करें। मुंह व नाक को खांसते, छींकते समय रुमाल से ढकें।
स्वास्थ्य का स्वयं पर्यवेक्षण करें। बीमारी की आशंका होने पर स्वास्थ्य हेल्प लाइन नंबर 18001805145 पर तत्काल संपर्क करें। आरोग्य सेतु एप व आयुष कवच एप का प्रयोग करें। सार्वजनिक कार्यक्रम करने के लिए गाइडलाइन के साथ अनुमति लेना अनिवार्य है। दुकानों पर सोशल डिस्टेंसिंग के साथ सभी दुकानदार सैनिटाइजर, हाथ धोने का साबुन व पानी का इंतजाम रखें।
त्योहार में पूरी सतर्कता बरती जाए। ग्रामीण क्षेत्रों में ग्रामपंचायत स्तर पर और शहरों में वार्ड स्तर पर एक-एक नोडल अधिकारी निगरानी के लिए तैनात किया जाएगा। बाहर से आने वाले लोगों की जांच कराएं। जांच का परिणाम आने तक घरों में रहें। कोविड हेल्प डेस्क को फिर से सक्रिय कर दिया गया है।