फोटो-6-बलरामपुर के मैटहवा गांव में घुसा बाढ़ का पानी।-संवाद
- फोटो : BALRAMPUR
महराजगंज तराई (बलरामपुर)। पहाड़ी नालों में नेपाल में हुई बारिश के कारण बाढ़ आ गई है। नाले की बाढ़ के चलते 12 से अधिक गांव के लोग दहशतजदा हैं। इन लोगों ने जिला प्रशासन से बाढ़ रोकने के पुख्ता इंतजाम किए जाने की मांग की है।
बीते दिनों नेपाल में हुई भारी बारिश से गुरुवार की शाम खरझार पहाड़ी नाले में उफान आ गया। बाढ़ का पानी बांध को पार करते हुए मैटहवा व शांति नगर गांव के अंदर पहुंच गया है। इसके साथ-साथ कनहरा, लैबुड़डी, तिवारीडीह, विजयीडीह, लोहेपनिया आदि गांव भी बाढ़ की चपेट में आ सकते हैं। क्षेत्रवासी अब्दुल सलाम, डॉ. अवधेश कुमार व हरिराम आदि ने बताया कि अभी बारिश शुरू भी नहीं हुई है और पहाड़ी नाले का पानी गांव के अंदर घुस गया है। यदि बाढ़ की रोक थाम के लिए पक्का इंतजाम नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में इसके चलते हम लोगों को भारी नुकसान उठाना पड़ेगा।
इन लोगों ने डीएम से बाढ़ की रोक थाम कराए जाने की मांग की है। नेपाल में हुई बारिश के कारण ही चित्तौड़गढ़ जलाशय में भांभर, मूसी तथा दारा पहाड़ी नाले का पानी भरने के कारण रमवापुर थारू गांव में पानी भर गया है। गांव में करीब 15 लोग बाढ़ के पानी से परेशान हैं। दर्जनों किसानों की धान की नर्सरी पर बाढ़ के कारण जलाशय का बालू भर गया है। इसके नीचे धान की नर्सरी दब गई है।